
नईदुनिया न्यूज, पिपलियामंडी (मंदसौर)। स्थानीय कृषि मंडी में लहसुन व्यापारी के साथ धोखाधड़ी होने का मामला सामने आया है। व्यापारी के गोदाम से लहसुन भरकर बंगाल के लिए निकला ट्रक रास्ते से ही लहसुन सहित गायब हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी प्रांगण में लहसुन व्यापारी शंकरलाल हरजानी की सांई कृष्णा इम्पेक्स से फर्म हैं। व्यापारी हरजानी ने बताया कि उन्होंने आसाम बंगाल एमडी ट्रांसपोर्ट मंदसौर के जरिए ट्रक बुलवाया था। 23 अगस्त को रात करीब 8 बजे ट्रक एचआर-39 जी-8686 में वेस्ट बंगाल सिलीगुड़ी के लिए 136 क्विंटल 85 किलो लहसुन लोड की थी।
व्यापारी के पुत्र संजय हरजानी ने बताया कि लहसुन के कट्टों पर हमारी फर्म के टैग लगे हुए थे। ट्रक लहसुन लेकर निकला उसके बाद से ही ट्रक के चालक ने मोबाइल बंद कर लिया। जहां के लिए लोड किया था वहां भी लहसुन नहीं पहुंचा। ट्रक की जानकारी निकाली गई तो ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर ही फर्जी निकला।
व्यापारी के पुत्र संजय हरजानी ने बताया कि जो आयशर कंपनी के रजिस्ट्रेशन क्रमांक वाले ट्रक एचआर-39 जी-8686 की जांच की तो रजिस्ट्रेशन नंबर ही फर्जी निकला। उस ट्रक का असली रजिस्ट्रेशन एमपी-09 बीएम-4221 निकला है। इस पर व्यापारी ने ट्रक का फोटो ओर चालक का फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया हैं। गौरतलब है कि मंडी में पूर्व में भी व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी की इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। इस मामले में भी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
यह भी पढ़ें- खाद्य मंत्री के गृह जिले सागर में गेहूं खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा, 600 बोरियों में मिट्टी भरकर भंडारण के लिए भेजा