
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। शहर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 500 ग्राम एमडी सिंथेटिक ड्रग व 500 ग्राम अफीम भी जब्त की गई है। इस मामले में आरोपितों ने कुछ नाम भी बताए है। अब पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। आरोपित पानी की मोटर में छुपाकर मादक पदार्थ ले जा रहा था।
कोतवाली टीआई पुष्पेंद्रसिंह राठौर ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात में सूचना मिलने पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक मोपेड सवार 25 वर्षीय इमरान पुत्र मीरगुल उर्फ बंटी पठान निवासी दावतखेड़ी वहा पर आया।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली। उसके पास स्थित पानी की मोटर को खोला गया तो उसमें से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स व 500 ग्राम अफीम मिली। मामले में पुलिस ने आरोपित इमरान पठान को गिरफ्तार कर मोपेड व मादक पदार्थ जप्त कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने शहर के कई लोगों के मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने की जानकारी दी है।
अभी तक तस्कर दूध की टंकी, वाहन के ईंधन टेंक, एंबुलेंस, टायर में छुपाकर सहित अन्य कई तरीकों से मादक पदार्थों की तस्कारी कर रहे हैं। पर इस बार इमरान पठान ने पानी की मोटर में एमडी ड्रग्स व अफीम को छुपाकर मंदसौर रेलवे स्टेशन पर किसी को देने जा रहा था। पर पुलिस को सूचना मिल गई और तलाशी में वह पकड़ा गया।
मंदसौर। वायडी नगर पुलिस ने आइपीएल के बीच चल रहे क्रिकेट सट्टे के मामले में एक आरोपित को पकड़ा है। आरोपित के कब्जे से मिले मोबाइल में 1 करोड़ 14 लाख 66 हजार 50 रुपये का हिसाब मिला है। वहीं 50,000 रुपये जब्त किए है। डायरी में 58000 हजार रुपये का हिसाब मिला है।
आरोपित ने आईडी देने वाले में उज्जै,न के एक आरोपित का नाम दिया है वहीं मास्टर आइडी में खानपुरा के आरोपित का नाम बताया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। वायडी नगर टीआई शिवांशु मालवीय ने बताया कि आइपीएल के दौरान सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम लगाकर खोज में जुटी हुई थी।
बुधवार रात में पुलिस टीम ने मोबाइल पर आइपीएल का सट्टा उतारते हुए 38 वर्षीय इमरान पुत्र याकूब शाह निवासी इंद्रा कालोनी को पकड़ा। आरोपित इमरान ने मोबाइल पर आनलाइन क्रिकेट सट्टे की वेबसाइट से आनलाइन क्रिकेट सट्टा उतारना स्वीकार किया। उसने बताया कि सट्टा उतारने के लिए आइडी उज्जैन के राहुल भावसार ने दी थी। और असलम निवासी खानपुरा को मास्टर आइडी देकर सट्टा लिखा रहा था।
तीनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इमरान शाह के पास मिले मोबाइल में 1 करोड़ 14 लाख 66 हजार 150 रुपये का हिसाब मिला है। वहीं 50 हजार रुपये भी मिले हैं। एक हिसाब-किताब की डायरी भी मिली है। थाना प्रभारी वायडी नगर निरीक्षक शिवांशु मालवीय एवं टीम का सराहनीय योगदान रहा।