ऑनलाइन लोन लेकर की एमडी ड्रग्स की तस्करी... लग्जरी कार में घूम रहे शातिर 'बंटी' को कोटा पुलिस ने एमपी से दबोचा
राजस्थान के कोटा जिले की पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ा है। जिसने एमडी ड्रग्स खरीदने के लिए पहले तो ऑनलाइन एप से दो लाख रुपये का लोन लिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 11 May 2026 09:31:48 PM (IST)Updated Date: Mon, 11 May 2026 09:31:48 PM (IST)
ऑनलाइन लोन लेकर की एमडी ड्रग्स की तस्करीनईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। राजस्थान के कोटा जिले की पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ा है। जिसने एमडी ड्रग्स खरीदने के लिए पहले तो ऑनलाइन एप से दो लाख रुपये का लोन लिया। इसके बाद लग्जरी कार से मंदसौर जिले के गरोठ में आकर तस्करों से एमडी ड्रग्स खरीदी। फिर वह कोटा जिले में ड्रग्स बेचने के लिए लग्जरी कार में ही घूम रहा था तभी पुलिस की पकड़ में आ गया। पुलिस ने उसके पास से 99.90 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। राजस्थान के कोटा जिले की नांता थाना पुलिस ने लग्जरी कार से एमडी ड्रग्स की तस्करी करते हुए नितेश कुमार नागर उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन बैंकिंग एप से लिया 2 लाख का इंस्टेंट लोन
आरोपित बंटी ने पुलिस रिमांड के दौरान कबूल किया कि ड्रग्स खरीदने के लिए अपना रुपया इस्तेमाल नहीं किया है। बल्कि ऑनलाइन बैंकिंग एप के जरिये 2 लाख रुपये का इंस्टेंट लोन लिया। जैसे ही लोन की रकम उसके खाते में आई, वह अपनी लग्जरी कार से मंदसौर जिले के गरोठ में आ गया। यहां उसने एमडी ड्रग्स खरीदी और उसे कोटा जिले में ऊंचे दामों में बेचने के लिए घूम रहा था।
थर्मल पावर प्लांट के पास घेराबंदी कर दबोचा
नांता थानाधिकारी अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि पुलिस टीम ने थर्मल पावर प्लांट के पास वन क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपित की कार को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से 99.90 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स पाउडर बरामद किया गया। आरोपित के पास से दो मोबाइल भी जब्त हुए हैं। आरोपित काफी शातिर है और पहले भी कई बार नशे की खेप ला चुका है।
लोकेशन हिस्ट्री से खुलेंगे तस्करी के अन्य राज
पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन हिस्ट्री निकलवा रही है, इससे यह पता लगेगा कि वह पिछले महीनों में कितनी बार गरोठ या तस्करों के अन्य ठिकानों पर गया है। कोटा पुलिस की एक टीम भी जल्द ही गरोठ आएगी और बंटी को एमडी ड्रग्स बेचने वाले मुख्य तस्करों की तलाश करेगी।