मंदसौर के चंदवासा में चड्डी-बनियान में गेहूं खरीदी कर रहे प्रबंधक निलंबित, वीडियो हुआ था वायरल
मंदसौर के चंदवासा में गेहूं खरीदी केंद्र पर चड्डी-बनियान में बैठकर काम कर रहे प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 12 May 2026 12:51:03 PM (IST)Updated Date: Tue, 12 May 2026 12:54:40 PM (IST)
मंदसौर जिले में चड्डी-बनियान में बैठे मैनेजर का वीडियो हुआ वायरल।HighLights
- ग्राम चंदवासा गेहूं खरीदी केंद्र का वीडियो वायरल
- संविदा प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा चड्डी-बनियान में बैठे दिखे
- प्रबंधक की सफाई- चीटियों ने काटा, इसलिए खोले कपड़े
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें ग्राम चंदवासा में गेहूं खरीदी केंद्र पर बैठे प्रबंधक चड्डी, बनियान में बैठे हैं। और वहां आ रहे किसानों से भी ठीक से बात नहीं कर रहे हैं। इसके बाद हरकत में आए जिला सहकारी बैंक के प्रबंधन ने तत्काल प्रबंधक को निलंबित कर सुवासरा बैंक शाखा में अटैच कर दिया।
वहीं प्रबंधक सफाई दे रहे हैं कि चीटियों के काटने के कारण कपड़े खोलकर बैठा था। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील कच्छारा द्वारा जारी आदेश के अनुसार मनोज कुमार शर्मा संविदा संस्था प्रबंधक, बहु. प्राथ. कृषि साख सहकारी संस्था मर्या. चंदवासा, शाखा शामगढ़ के विरुद्ध सोशल मीडिया के माध्यम से गंभीर शिकायते मिली थी। उन पर आरोप है कि गेहूं खरीदी केंद्र पर चड्डी बनियान पहनकर कार्य कर रहे थे।
तत्काल प्रभाव से की कार्रवाई
किसानों के साथ बातचीत में अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। इन शिकायतों के आधार पर उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन काल के दौरान मनोज शर्मा का मुख्यालय शाखा सुवासरा तय किया गया है। चंदवासा संस्था प्रबंधक पद का प्रभार करणसिंह रावत संस्था प्रबंधक, शाखा शामगढ़ को सौंपा गया है।
रावत अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ इस अतिरिक्त कार्यभार को भी संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि मनोज शर्मा शामगढ़ के ही वार्ड 8 के निवासी हैं। मनोज शर्मा शामगढ़ से स्थानांतरित होकर बाबुल्दा संस्था में कार्यरत थे। पिछले माह ही बाबूल्दा से स्थानांतरित होकर चंदवासा आए थे।