
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। उप्र के मेरठ का 32 साल का मोहमद शकील दलौदा क्षेत्र की एक नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर भगा ले गया। लगभग 10 दिन उसे नोएडा में रखकर उसके साथ दुष्कर्म भी किया। हालांकि वह अपने इरादों में कामयाब होता उससे पहले ही दलौदा पुलिस ने शकील को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को भी दलौदा लाकर स्वजन को सौप दिया है। मामला लव जेहाद से जुड़ा भी हो सकता है। क्योंकि आरोपित की उम्र लड़की से दुगुनी है और वह सोच समझकर ही नाबालिग लड़की को टारगेट कर रहा था।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित शकील पर अपहरण और दुष्कर्म के साथ ही पॉक्सो एक्ट में भी प्रकरण दर्ज किया है। दलौदा थाना प्रभारी शुभम व्यास ने बताया कि कक्षा 10 वीं में पढ़ रही अमलावद की 16 वर्षीय नाबालिग 26 जनवरी को सुबह स्कूल में कार्यक्रम में जाने का बोलकर घर से निकली थी। इसके बाद से वह लापता हो गई। स्वजन ने थाने पर उसकी रिपोर्ट कराई थी।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने परिवार, सहेलियों और संदिग्धों से पूछताछ भी की। मोबाइल चेट और तकनीकी इनपुट के आधार पर गुरुवार को दलौदा पुलिस ने बालिका को ग्रेटर नोएडा में खोज लिया। इसके साथ 29 वर्षीय मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद अमीर निवासी बुढेरा थाना जाहिदपुर जिला मेरठ (उप्र) को गिरफ्तार किया है।
जांच अधिकारी प्रमोदसिंह तोमर ने बताया कि बालिका से लगभग 14 साल बड़े शकील ने स्नेप चेट के माध्यम से उससे दोस्ती की। फिर शकील ने प्रेमजाल में फंसाया। मीठी-मीठी बातें करके उसे सपने दिखाए। 26 जनवरी को ग्राम रीछा-अमलावद मार्ग पर उसे बुलाकर आटो में अपने साथ मंदसौर ले गया। यहां से इंदौर ले गया। इंदौर से दोनों दिल्ली पहुंचे। इसके बाद शकील ने ग्रेटर नोएडा में एक मकान किराये पर लिया। जहां दोनों साथ में रह रहे थे। नाबालिग ने अपने बयान में दुष्कर्म करने की बात कही है। इसके बाद जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपित मोहम्मद शकील को शुक्रवार को मंदसौर न्यायालय में पेश किया। इस दौरान दलौदा पुलिस का वाहन मंदसौर पुलिस लाइन के यहां खराब हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मी पैदल ही आरोपित को लेकर न्यायालय में लेकर पहुंची।
यह भी पढ़ें- अस्पताल में शर्मनाक कांड, नवजात को देने के बदले दाई ने मांगे 4 हजार, 1500 की वसूली के बाद दिया बच्चा
दलौदा थाना प्रभारी शुभम व्यास ने बताया कि नाबालिग को खोजने के लिए दलौदा पुलिस टीम ने लगभग 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरो की जांच की है। इसके बाद तकनीकी का इस्तेमाल कर लगभग 700 किलोमीटर की दूर ग्रेटर नोएडा से नाबालिग बालिका को खोज लिया।