
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर में सिलाई-कढ़ाई का काम करने वाली एक महिला जादू-टोने से सोने के बिस्किट प्राप्त करने के लालच में फंस गई और लगभग 13 लाख रुपये गंवा दिए। इसके बदले में उसे सोने के नाम पर पीतल के 10 बिस्किट थमा दिए गए। सराफा व्यापारी ने जांच के बाद महिला को बताया तो उसके होश उड़ गए। उसके बाद वह भागे-भागे पुलिस थाने पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद आरोपित भूरु खां मिरासी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि 14 मई को कोतवाली पर एक महिला ने आवेदन प्रस्तुत किया था कि मैं सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती हूं। लगभग 4-5 वर्षों से 42 वर्षीय भूरू खां पुत्र नन्हे खां मिरासी निवासी अरगड़ा बस्ती सीतामऊ से सिलाई-कढ़ाई के कार्य के माध्यम से संपर्क में थी। आरोपित भूरु खां ने जून 2025 में महिला को प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया और कहा कि तुम गरीब हो और मैं तुम्हें जादू-टोना करके लाखों रुपये का फायदा दिला सकता हूं।
जादू-टोना कर तुम्हारे घर के कच्चे मकान में अंदर से सोने के अनेक बिस्किट निकालकर तुम्हें दे सकता हूं। महिला उसकी बातों में आ गई और 14 जून 2025 से 21 नवंबर 2025 के बीच लगातार नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपये टुकड़े-टुकड़े में दिए। इसके बाद महिला ने लगातार भूरु खां से सोने के बिस्किट की मांग की और जादू-टोना करने को कहा।
तब भूरु खां ने नवंबर 2025 में महिला के मकान में आकर आधे घंटे तक अकेले जादू-टोना का नाटक किया। आधे घंटे बाद सोने जैसे दिखने वाले 10 बिस्किट लाकर महिला को दिए। साथ ही कहा कि सोने के बिस्किट हैं जो जादू-टोना कर प्राप्त किए हैं। इन्हें अभी बाजार में मत बेचना नहीं तो पुलिस पकड़ लेगी। बाद में अपने परिचित सुनार की दुकान पर बिकवा दूंगा। महिला भूरु खां की बातों में आ गई। कुछ दिनों तक उसने बिस्किट संभालकर रखे।
पर जब भूरु खां भी नहीं आया और महिला को भी शंका हुई तो अपने परिचित सोना चांदी के व्यापारी को बिस्किट दिखाए। जांच में वे बिस्किट पीतल के निकले। इस पर महिला ने आरोपित से संपर्क करने की कोशिश की पर संपर्क नहीं हुआ। भूरु खां का मोबाइल लगातार बंद ही मिला। आरोपित भूरु खां ने पहले खुद को चित्तौड़गढ़ का निवासी बताया था, बाद में तस्दीक की तो वह सीतामऊ का निकला।
यह भी पढ़ें- PM मोदी की अपील की अनदेखी पड़ी भारी, भोपाल तलब किए गए रेखा यादव, वीरेंद्र गोयल और पवन पाटीदार, जा सकती है कुर्सी
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित की निशानदेही पर पीतल के तीन बिस्किट भी बरामद किए हैं। अब आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा। पूछताछ में आरोपित से यह पता करने की कोशिश होगी कि उसने अन्य लोगों से तो धोखाधड़ी नहीं की है। इस कार्रवाई में उनि विजय पुरोहित, प्रआर कमलेश वर्मा, प्रआर रामनारायण नागदा, आर भानुप्रताप सिंह भी शामिल रहे।