
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू-मानपुर। जानापाव पहाड़ी पर भूतड़ी अमावस्या मेले में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप जानापाव पहाड़ी चढ़ते समय पटल गई। घाट चढ़ाइ के दौरान अचानक वाहन रुका और पीछे की ओर जाते हुए पलट गया। हादसे में आठ श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि पिकअप खाई में नहीं गिरी और किनारे पर ही पलट गई वरना हादसा गंभीर हो सकता था। जानकारी के अनुसार धार जिले के धानीगांव से करीब 15 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव जा रहे थे। रात करीब आठ बजे वाहन घाट के आखिरी हिस्से में पहुंचा। यहां चढ़ाई के दौरान पिकअप की गति कम हो गई और वाहन पीछे जाने लगा। चालक ने ब्रेक लगाकर उसे रोकने की कोशिश की, पर मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से पिकअप पलट गई।
वाहन पलटते ही उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में सात से आठ लोगों को मामूली चोटें आईं। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटाई। मानपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार सोलंकी ने बताया कि पिकअप में करीब 15 लोग सवार थे। हादसे में सात से आठ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पिकअप खाई में गिरने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।