फार्म हाउस के नाम पर सेना के अधिकारियों से 45 लाख की धोखाधड़ी, राया डेवलपर्स के मालिक पर केस दर्ज
मऊ जिले में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फार्म हाउस दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फार्महाउस बनाकर द ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 25 Jan 2026 12:20:23 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Jan 2026 12:27:31 AM (IST)
सेना के अधिकारियों से धोखाधड़ी (सांकेतिक फोटो)HighLights
- फार्म हाउस की 5500 स्क्वेयर फीट जमीन देने के नाम पर लिए थे रुपये
- पांच सालों तक आरोपी द्वारा घुमाए जाने के बाद अधिकारियों ने की शिकायत
- पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शुरू कर दी उसकी तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू: महू तहसील के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फार्म हाउस दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने राया डेवलपर्स के मालिक अनीस कुरैशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
महू में पदस्थ रहते हुए 2021 में दिए थे रुपये
वर्ष 2021 में आवेदक कर्नल वरुण वैद्य वर्तमान कमांडिंग ऑफिसर, (निवासी राजनगर, काटोल रोड, नागपुर, महाराष्ट्र) और लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु सिंह (वर्तमान इंजीनियर प्लानिंग ऑफिसर, इंजीनियर रेजीमेंट, लेह-कुम्बतांग) महू में पदस्थ थे। इस दौरान अनीश (पुत्र उस्मान कुरैशी) ने राया स्टेट नामक कॉलोनी में 5500 स्क्वेयर फीट फार्म हाउस की जमीन देने के नाम पर कर्नल वरुण वैद्य से 24 लाख 15 हजार रुपये और लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु सिंह से 21 लाख 28 हजार रुपये ले लिए।
पांच वर्षों तक घुमाता रहा
अधिकारियों ने रुपये देने का एग्रीमेंट करवा लिया था। परंतु बाद में फार्म हाउस की जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। काफी समय बीतने के बाद जब अधिकारियों ने रजिस्ट्री या राशि वापस करने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में अधिकारियों की महू से अन्य स्थानों पर पोस्टिंग हो गई। इसके बावजूद वे जब-जब महू आए, आरोपी उनसे मिलने से बचता रहा।कई वर्षों तक आरोपी द्वारा घुमाए जाने के बाद दोनों अधिकारियों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी, खातों में जल्द ही आएगी 1750 रुपये की राशि, ऊर्जा मंत्री ने साझा किया बड़ा अपडेट
आरोपी की तलाश शुरू
ग्रामीण एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी का किशनगंज क्षेत्र में राया डेवलपर्स का मालिक है और उसका किशनगंज में कार्यालय है। उसने बेरछा रोड पर राया स्टेट नामक कॉलोनी विकसित की थी। इसी कॉलोनी में फार्महाउस देने के नाम पर उसने अधिकारियों से राशि वसूली। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।