Lawrence Bishnoi गैंग के नाम पर MP के व्यापारी को धमकी, व्हाट्सएप कॉल कर मांगी ₹5 करोड़ की फिरौती
महू तहसील के किशनगंज थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यापारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 12 Feb 2026 11:24:27 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Feb 2026 07:12:55 AM (IST)
महू के प्रतिष्ठित व्यापारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ की धमकी (AI Generated Image)HighLights
- महू के व्यापारी को 5 करोड़ की धमकी
- गुरुवार देर शाम लिखित शिकायत दर्ज
- पुलिस नंबर ट्रेस कर जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू: इंदौर ग्रामीण के महू तहसील स्थित किशनगंज थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रतिष्ठित व्यापारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी गई। धमकी व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से दी गई। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। व्यापारी ने पहले अपने परिजनों को सूचना दी और बाद में पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप कॉल से दी गई धमकी
जानकारी के अनुसार गुरुवार को व्यापारी को व्हाट्सएप पर एक कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले ने स्वयं को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। धमकी मिलने के बाद व्यापारी और उनका परिवार दहशत में आ गया।
पुलिस को दी गई सूचना
व्यापारी ने पहले इस घटना की जानकारी अपने परिवारजनों को दी। इसके बाद पुलिस को मौखिक रूप से सूचना दी गई। गुरुवार देर शाम इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
नंबर की जांच में जुटी पुलिस
इंदौर ग्रामीण पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस फोन नंबर से कॉल आया है, उसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पुष्टि की जा रही है कि मामला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या नहीं।
व्यापारी का व्यवसायिक प्रोफाइल
सूत्रों के अनुसार संबंधित व्यापारी का महू में एक अस्पताल और रिसोर्ट है। इसके अलावा वे ठेकेदारी का कार्य भी करते हैं।