शादियों के लिए बर्तन के साथ अवैध गैस सिलिंडर सप्लाई का खुलासा, प्रशासन ने जब्त किए 30 LPG Cylinders
MP के अंबाह में प्रशासन ने बर्तन हाउस पर छापा मारकर 30 रसोई गैस सिलिंडर जब्त किए। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 10:39:38 AM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 10:39:38 AM (IST)
कार्रवाई करने पहुंचे एसडीएम व तहसीलदारHighLights
- अंबाह में बर्तन हाउस पर प्रशासन की छापामार कार्रवाई
- शादी समारोह के लिए गैस उपलब्ध कराने का मामला
- संचालकों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबाह: शादी समारोह में बर्तन के साथ रसोई गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर स्थानीय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को पोरसा रोड स्थित जयदेवी गार्डन के पास संचालित मुदगल बर्तन हाउस पर छापा मारकर 30 गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम रामनिवास सिकरवार ने किया। उनके साथ तहसीलदार नरेश शर्मा और सहायक आपूर्ति अधिकारी अभिषेक द्विवेदी की टीम भी मौजूद रही। टीम ने बर्तन हाउस के गोदाम और पास स्थित मकान की तलाशी ली।
30 सिलिंडर जब्त
जांच के दौरान दुकान से 10 सिलिंडर बरामद किए गए, जिनमें पांच भरे और पांच खाली थे। वहीं संचालक दिनेश मुदगल के मकान से 20 खाली सिलिंडर मिले। कुल मिलाकर 30 सिलिंडरों को जब्त कर लिया गया।
शादी सीजन में शुरू की नई सुविधा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 15 अप्रैल से शुरू होने वाले शादी के सीजन को देखते हुए संचालकों विष्णु मुदगल और दिनेश मुदगल ने यह नई व्यवस्था शुरू की थी। इसके तहत वे बर्तन किराए पर देने के साथ रसोई गैस सिलिंडर भी उपलब्ध करा रहे थे। बताया जा रहा है कि गैस सिलिंडर के लिए ग्राहकों से दोगुना किराया लिया जा रहा था, जिससे अतिरिक्त मुनाफा कमाया जा सके।
कानूनी कार्रवाई
इस मामले में प्रशासन ने दोनों संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति इस तरह गैस सिलिंडर का भंडारण और आपूर्ति करना नियमों के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में अवैध कालोनियों की रजिस्ट्री का 'खेल' जारी, सर्विस प्रोवाइडर ₹30,000 में खुलेआम कर रहे सौदे
जांच जारी
प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडर कहां से लाए गए और किस गैस एजेंसी के माध्यम से इन्हें भरा गया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस काम में अन्य लोग या एजेंसियां शामिल हैं या नहीं।