मुरैना में गिट्टी डंपर चलाने का वर्चस्व: दबंगों ने कारोबारी की कार रोककर शीशे तोड़े, सरेराह की मारपीट
अंबाह पुलिस ने घटित अपराध को लेकर आरोपी शेरू तोमर समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा कायम किया है।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 12:17:05 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 12:41:35 PM (IST)
पुलिस के साथ अस्पताल में पहुंचा घायल। नईदुनियाHighLights
- तीन दिन पहले दी थी धमकी
- चार नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
- वेबसाइट के लिए अंग्रेजी कीवर्ड्स
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना (अंबाह)। गिट्टी के डंपर चलाने का वर्चस्व कायम रखने के लिए दबंगों ने मिलकर दूसरे कारोबारी रामवीर राठौर निवासी जग्गा चौराहा की रविवार दोपहर 12 बजे मारपीट कर दी। हमलावरों ने कारोबारी को कार से बाहर खींचने के लिए चार पहिया वाहन के शीशे तोड़ दिए। मारपीट के कारण रामवीर के मुंह में चोट आई है। अंबाह पुलिस ने घटित अपराध को लेकर आरोपी शेरू तोमर समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा कायम किया है।
तीन पहले भी इसी बात को लेकर हुआ था मुंहवाद
जानकारी के मुताबिक, कस्बा में रहने वाले रामवीर राठौर 48 पुत्र जगदीश राठौर गिट्टी बेचने का धंधा करते हैं। गिट्टी सप्लाई करने का काम शेरू तोमर भी करता है। आरोपी शेरू तोमर का रामवीर पर दबाव है कि वह उसके इलाके में गिट्टी के डंपर नहीं भेजेगा। तीन दिन पहले दोनों के बीच इसी बात को लेकर मुंहवाद हो गया था। कहा-सुनी के दौरान आरोपी शेरू तोमर ने रामवीर को धमकी दी कि उसकी बात नहीं मानी तो रामवीर को कार में मुर्गा बनाकर डाल दिया जाएगा।
रैकी कर घटना को दिया अंजाम
रविवार दोपहर 12 बजे रामवीर राठौर अपने फड़ जग्गा चौराहे से कार एमपी07 जेडएम 2729 में बैठकर गंतव्य पर जा रहा था इसकी रैकी आरोपी शेरू तोमर के लोगों ने कर ली। रामवीर राठौर चौकवालों का पुरा रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से आई कार व बाइक ने ओवरटेक कर रामवीर की कार को रोक लिया।
आरोपी शेरू तोमर, आशीष तोमर, धर्मेंद्र भदौरिया व धीरेंद्र भदौरिया ने कार के शीशे तोड़कर रामवीर को वाहन से बाहर खींच लिया और लात-घूंसे व डंडे से उसकी पिटाई की जिससे होठ व मुंह फट गया और खून बहने लगा।