
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। बारिश के पानी को सहेजने के उद्देश्य से गांव-गांव में तालाब बनाए जाते हैं, लेकिन कई ग्राम पंचायतों ने इन तालाब में फर्जीवाड़ा कर दिया है। जहां तालाब बताए जा रहे हैं, वहां पानी का नामोनिशान नहीं है। तालाब की जमीन पर खेती हो रही है। तालाबों की मानीटरिंग नहीं होने के कारण न तो यह फर्जीवाड़े पकड़े जा रहे, नहीं इनमें कोई कार्रवाई हो रही।
ताजा शिकायत सबलगढ़ जनपद की हीरापुर ग्राम पंचायत की पहुंची है। कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के पास पहुंची शिकायत में बताया गया है, कि हीरापुर ग्राम पंचायत में बारिश से पहले जो तालाब बनाए हैं, उनमें से अधिकांश का कहीं अता-पता नहीं। हीरापुर के वासुदेव पुजारी के खेत के पास बने तालाब के निर्माण पर 15 लाख रुपये पंचायत ने खर्च किए।
इसमें से 5 लाख रुपये सामग्री पर तो सात लाख से अधिक रुपये की राशि मनरेगा मजदूरों पर खर्च होना बताई है। कुछ अन्य खर्च भी है। लेकिन 15 लाख की लागत से बने इस तालाब में एक बूंद पानी नजर नहीं आता। वर्तमान में तालाब की जमीन पर सरसों की खेती हो रही है।
वासुदेव पुजारी ही इस जमीन पर खेती कर रहे हैं। इसी तरह हाकिम सिंह के खेत के पास तालाब का निर्माण चल रहा है, इस तालाब में लाखों रुपये खर्च हो चुके और हालत यह है, कि यहां भी खेती हो रही है। एक अन्य तालाब दर्शन गुर्जर के खेत के पास बताया जा रहा है, जहां दूर-दूर तक पानी नहीं। जहां तालाब है, वहां भी खेती हो रही है।
तालाब निर्माण में सबसे अधिक धांधली चंबल व क्वारी नदी किनारे बीहड़ क्षेत्र में बसे गांवों में हुई है। यहां बीहड़ के गड्ढों को तालाब बता दिया गया है। इस संबंध में कईयों शिकायत जिला पंचायत से लेकर कलेक्टर की जनसुनवाई तक में आई हैं। उदाहरण के तौर पर अंबाह विकास खंड की ऐसाह ग्राम पंचायत में तालाब निर्माण कागजों में होने की शिकायत ग्रामीणों ने की है। कैलारस जनपद की कुरौली पंचायत में भी तालाब बने नहीं, लेकिन पंचायत के रिकार्ड में तालाब बताए जा रहे हैं। जहां तालाब बताए, वहां खेती हो रही है।
दिमनी विधानसभा की चांदपुर ग्राम पंचायत में भी तालाब निर्माण में धांधली सामने आई है। चांदपुर ग्राम पंचायत में भी बारिश से पहले तीन तालाब बने। इनमें से दो तालाब ऐसे हैं, जिनमें एक बूंद पानी नहीं भरा। तालाब की जमीन पर सरसों व गेहूं की खेती हो रही है। तीसरा तालाब जहां बताया जा रहा है, वहां तालाब गहरीकरण का कोई काम ही नहीं हुआ। पंचायत के रिकार्ड में जिसे तालाब बताया जा रहा है, वहां एक छोटा सा गड्ढा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह गड्ढा दशकों पुराना है। इस गड्ढे में बारिश का पानी भरता है, इसे ही पंचायत ने तालाब बता दिया है।
जिला पंचायत ने ग्राम पंचायतों में एक जांच करवाई। यह जांच पूर्व सरपंच-सचिवों के कार्यकाल की थी, जो 2010 से 2021 तक पंचायतों में रहे। जांच में सामने आया कि 32 पूर्व सरपंच और 7 ग्राम पंचायत सचिवों ने 1 करोड़ 70 लाख 10 हजार 268 रुपये के काम पंचायतों में करवाए नहीं और यह राशि निकाल ली।
16 नवंबर को जिला पंचायत सीईओ ने इन 32 पूर्व सरपंच व 7 पूर्व सचिवों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए। जिन 32 पूर्व सरपंचों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं, उनमें से 18 महिला सरपंच हैं। यह गिरफ्तारी वारंट थानों में पहुंच चुके हैं। पुलिस को इन पूर्व सरपंच व सचिवों को गिरफ्तार कर जेल भेजना है।
पहले चरण में 15-15 दिन की सिविल जेल की कार्रवाई जिपं सीईओ ने की हैं। जो पूर्व सरपंच-सचिव वसूली की राशि को सरकारी खाते में जमा करा देंगे, उन्हें जेल से रिहाई मिलेगी। लेकिन अब तक पुलिस ने एक भी पूर्व सरपंच या पूर्व सचिव को पकड़कर जेल नहीं भेजा।
तालाब व अन्य निर्माण कामों की शिकायतें जहां-जहां मिल रही हैं, उनकी जांच करवाई जा रही है। अगर नियमानुसार काम नहीं होगा तो संबंधित सरपंच-सचिव व उपयंत्री पर कार्रवाई की जाएगी। पंचायतों में सोशल आडिट हो रही है, उसमें ऐसे कामों की जांच करवाई जा रही है, जनता से भी फीडबैक लिया जाएगा।
कमलेश भार्गव, जिला पंचायत CEO, मुरैना