जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोपित राहुल गुर्जर ने मुरैना कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजा
राजस्थान के जयपुर में राह चलती गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश राहुल गुर्जर ने नाटकीय घटनाक्रम के बीच बुधवार को मुरैना जिला न्यायालय में सरे ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 09:46:57 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 09:46:57 PM (IST)
राहुल गुर्जर ने मुरैना कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजाHighLights
- जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का आरोपी राहुल गुर्जर गिरफ्तार
- कड़ी कार्रवाई के डर से मुरैना जिला न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
- बदमाश ने पुलिस को चकमा देने के लिए बदल लिया था अपना भेष
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राजस्थान के जयपुर में राह चलती गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाले बदमाश राहुल गुर्जर ने नाटकीय घटनाक्रम के बीच बुधवार को मुरैना जिला न्यायालय में सरेंडर कर दिया। जब तक राजस्थान पुलिस मुरैना पहुंची, तब तक कोर्ट ने एक लूट मामले में राहुल गुर्जर को जेल भेज दिया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंटरनेट मीडिया पर राजस्थान के जयपुर का एक वीडियो बहुप्रसारित हुआ, जिसमें एक आरोपित पैदल जा रही गर्भवती महिला को पीछे से आकर पकड़कर छेड़छाड़ करने लगता है। यह घटनाक्रम 26 मार्च का है। छेड़छाड़ करने वाले आरोपित की पहचान राहुल गुर्जर के तौर पर हुई, जो ग्वालियर के सरसपुरा का रहने वाला है।
कड़ी कार्रवाई के डर से रची सरेंडर की सोची-समझी योजना
राहुल गुर्जर लूट, डकैती, फायरिंग जैसे प्रकरणों में आरोपित और फरार है। आरोपित की तलाश राजस्थान की जयपुर पुलिस के साथ ग्वालियर पुलिस भी कर रही थी। राजस्थान में पकड़े जाने और मामले को लेकर सरकार पर दबाव के चलते वहां कड़ी कार्रवाई के डर से राहुल गुर्जर बुधवार को सोची-समझी योजना के मुताबिक मुरैना जिला कोर्ट में पहुंचा, जहां दोपहर ढाई बजे के करीब एडीजे कोर्ट डकैती में आत्मसमर्पण कर दिया। मुरैना के रिठौरा थाने में राहुल गुर्जर पर 2018 में हुई लूट का अपराध दर्ज है, जिसमें जमानत मिलने के बाद राहुल गुर्जर कभी कोर्ट में तारीख करने नहीं आया; एक साल से अधिक समय से यह बदमाश फरार था।
पुराने लूट मामले का सहारा लेकर पहुंचा जेल
इसी मामले में उसने सरेंडर किया, जिसमें कोर्ट ने मुरैना पुलिस को बुलाकर राहुल गुर्जर को जेल भेज दिया। राजस्थान के जयपुर पुलिस की एक टीम बुधवार शाम को मुरैना पहुंची और राहुल गुर्जर को राजस्थान ले जाने की योजना पर काम होने लगा। संभवतः गुरुवार को जयपुर पुलिस, मुरैना जिला कोर्ट में आवेदन पेश कर राहुल गुर्जर को प्रोटेक्शन वारंट पर मांगेगी। शातिर बदमाश राहुल गुर्जर महिला से छेड़छाड़ वाले वीडियो में बड़ी दाढ़ी-मूंछ के साथ दिख रहा है, लेकिन मुरैना कोर्ट में दाढ़ी-मूंछ बनवाकर भेष बदलकर पहुंचा।
भेष बदलकर वकील के जरिए कोर्ट में पेशी
सुबह साढ़े 11 बजे वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कोर्ट में अपने वकील के पास पहुंचा और स्थायी वारंट में सरेंडर करने की बात कही। इसके बाद वकील ने पौने 12 बजे एडीजे डकैती न्यायाधीश दिनेश राणा के कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से कोर्ट ने उसे सीधे जेल भेजा। बताया गया है कि रिठौरा लूट केस में कोर्ट में बुधवार को तारीख भी थी, इस मामले में आरोपित के मुल्जिम बयान होने थे, जिसमें वह फरार चल रहा था।