बिजली गुल हुई तो भड़के लोग, ऑफिस से घसीटकर मीटर रीडरों को लात-घूंसों से पीटा
जींगनी स्थित बिजली कंपनी के दफ्तर में घुसकर खेरा के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दो मीटर रीडरों को पाइप व लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट में मीटर रीडर ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 08:02:39 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 08:02:39 PM (IST)
बिजली दफ्तर में घुसकर मीटर रीडरों को पीटा। (एआई से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- बिजली दफ्तर में घुसकर मीटर रीडरों को पाइप से पीटा।
- लाइन चालू कराने पहुंचे दबंगों ने रीडरों को किया घायल।
- बिजली कार्यालय पर बचाव में आए कर्मियों पर फायरिंग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। जींगनी स्थित बिजली कंपनी के दफ्तर में घुसकर खेरा के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दो मीटर रीडरों को पाइप व लात-घूंसों से जमकर पीटा। मारपीट में मीटर रीडर संजय जादौन को अधिक चोट आई हैं। दूसरे मीटर रीडर राधाकृष्ण शर्मा को भी मूदी चोट आई हैं।
सूचना पाकर माताबसैया पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को एफआइआर के लिए थाने ले गई। इस मारपीट का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है।
बिजली गुल होने पर भड़का आक्रोश
जानकारी के मुताबिक, खेरा गांव के चौहान मार्केट की बिजली सप्लाई बंद होने के कारण वहां के आधा दर्जन से अधिक लोग मंगलवार दोपहर दो बजे जींगनी बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे। भीड़ में शामिल लोगों ने मीटर रीडर संजय जादौन से कहा कि उनके मार्केट की दुकानों की बिजली गुल है, उसे चालू कराने के लिए लाइनस्टाफ को मौके पर भेजो।
संजय ने कहा कि अभी लाइन स्टाफ फील्ड से लौटकर आता है तो उसे खेरा भेज देंगे। भीड़ में शामिल लोगों को लगा कि मीटर रीडर उनको टाल रहा है। इसी बात पर भीड़ में शामिल लोग उसे गाली देने लगे।
दफ्तर से खींचकर की मारपीट और हवाई फायर
जब संजय ने भीड़ को ऑफिस से बाहर निकलने के लिए बोला, तभी कुछ युवकों ने मीटर रीडर संजय को पकड़ा और उसे घसीटते हुए कार्यालय के बाहर ले आए और जमीन पर पटककर लोहे के पाइप समेत लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
संजय जादौन को बचाने के लिए मीटर रीडर राधाकृष्ण शर्मा आगे बढ़ा तो भीड़ ने उसे भी पीट दिया। दोनों मीटर रीडरों पर हमला कर खेरा से आए लोग भाग गए। मारपीट के कारण संजय जादौन के पैर व पीठ में गंभीर चोट आई है। मीटर रीडरों को बचाने के लिए कर्मचारी दफ्तर से बाहर आए तो हमलावरों में से एक युवक ने कट्टे से तीन फायर किए।
पुलिस कार्रवाई और बकाया बिल का मामला
बिजली कर्मचारियों की मारपीट की सूचना मिलने पर थाना माताबसैया से सहायक उप निरीक्षक मनीष पाठक फोर्स के साथ जींगनी बिजली कार्यालय पर पहुंचे और मारपीट से कराह रहे मीटर रीडरों को एफआइआर लिखवाने के लिए माताबसैया थाने ले गए।
बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर खुशहाल कुमार का कहना है कि खेरा गांव के 250 में 200 घर व दुकानों के उपभोक्ता बिजली का बिल जमा नहीं करते। उन पर लगभग 30 लाख रुपये का एरियर बकाया है।