इंदौर से सीधी जा रही बस नरसिंहपुर में नीलगाय को बचाने के चक्कर में पलटी, 36 यात्री बाल-बाल बचे
इंदौर से सीधी जा रही स्लीपर बस रात करीब 3 बजे नरसिंहपुर के सुआतला थाना क्षेत्र में नीलगाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पलट ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 01 May 2026 02:30:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 02:32:07 PM (IST)
नरसिंहपुर में दुर्घटनाग्रस्त बस।HighLights
- नीलगाय बचाने में पलटी बस, रेलिंग तोड़ दूसरी दिशा में गिरी
- बस में सभी सो रहे थे, रेलिंग से टकराने की आवाज पर नींद खुली
- क्रेन के जरिए बस को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-45 पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गजानन होटल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। सुखद बात यह रही कि बस में सवार सभी 36 यात्री सुरक्षित हैं। हादसा रात करीब 3 बजे का बताया जा रहा है।
इंदौर से सीधी जा रही बस (क्रमांक एमपी 19 जेडजे 8060) जब रौंसरा के नजदीक स्थित गजानन होटल के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। बस चालक ने नीलगाय को बचाने के लिए तेजी से कट मारा, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। बस सड़क की रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी दिशा में जाकर पलट गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सुआतला थाना प्रभारी प्रियंका केवट पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं। हालांकि, उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर अन्य वाहनों का इंतजाम किया और यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
यात्री की जुबानी : 'नींद खुली तो बस पलट रही थी'
बस में सवार यात्री डॉक्टर विवेक पटेल ने बताया कि हम भोपाल से बस में सवार हुए थे। स्लीपर बस होने के कारण लगभग सभी यात्री सो रहे थे। अचानक रेलिंग से टकराने की तेज आवाज आई और सबकी नींद खुल गई। पल भर में ही बस दूसरी तरफ जाकर पलट गई। यह ईश्वर की असीम कृपा है कि हम सभी सुरक्षित हैं।