गोटेगांव में सनसनी: पुरानी रंजिश के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने आरोपियों पर रंजिश और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता नेतराम पटेल ने बताया कि उनका बेटा रंजीत लकड़ी काटने क ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 21 May 2026 08:03:30 PM (IST)Updated Date: Thu, 21 May 2026 08:08:00 PM (IST)
गोटेगांव में हत्या का मामला।HighLights
- डायल 112 लेकर पहुंची थी अस्पताल
- मृत्युपूर्व बयान में कहे आरोपितों के नाम
- इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। गोटेगांव थाना अंतर्गत ग्राम देवरी में पुरानी रंजिश और तात्कालिक विवाद में एक 29 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक यह पूरी घटना सुबह करीब 10 बजे घटित हुई। वारदात के बाद आरोपी युवक को गोटेगांवखेड़ा की सड़क के पास मरणासन्न हालत में छोड़ कर भाग गए थे, जिसके बाद डायल 112 की टीम उसे गंभीर हालत में गोटेगांव के शासकीय अस्पताल लेकर आई। जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में दिए गए मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के ये आरोप
- घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने आरोपियों पर रंजिश और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
- मृतक के पिता नेतराम पटेल ने बताया कि उनका बेटा रंजीत लकड़ी काटने का काम करता था, जिसे लेकर गांव के ही गुड्डु पटेल से उसकी पुरानी प्रतिद्वंद्विता थी।
- गुड्डु को उसका यह काम नागवार गुजरता था और वह रंजीत से रंजिश रखता था।
- इसी बात को लेकर गुड्डु और उसके साथी रंजीत को उठाकर ले गए और उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की।
- वहीं मृतक के चचेरे भाई नीरज पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे, तब रंजीत की सांसें चल रही थीं।
- रंजीत ने मरते-मरते अपनी आपबीती सुनाते हुए साफ शब्दों में कहा कि "मुझे गुड्डू ने बहुत मारा है।"
- परिजनों का कहना है कि घायल अवस्था में रंजीत ने पुलिस को भी अपने बयान देकर पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया था।
पहले साधारण मारपीट, अब दर्ज होगा हत्या का मामला
- एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है।
- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रंजीत ने पहले आरोपी गुड्डु की स्कार्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ की थी, जिसके बाद यह विवाद और मारपीट हुई।
- घटना के बाद रंजीत ने खुद डायल 112 पर फोन किया था, जिसके बाद गोटेगांवखेड़ा पहुंची डायल 112 की टीम उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई थी।
- अस्पताल में युवक द्वारा दिए गए प्रारंभिक बयान के आधार पर देवरी निवासी गुड्डू पटेल एवं छुट्टु राजपूत के खिलाफ पहले साधारण मारपीट का प्रकरण दर्ज किया गया था।
- चूंकि अब युवक की मौत हो चुकी है, इसलिए डाॅक्टर की रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।