नरसिंहपुर में गश्ती दल पर फायरिंग करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, दो बंदूक व कारतूस किए जब्त
बीट में गश्ती करते हुए वनकर्मियों पर हमला करने एवं अवैध सागौन की तस्करी में लिप्त 6 आरोपियों को सुआतला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 3 फरवरी की दोपहर ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Feb 2026 08:12:36 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Feb 2026 08:18:46 PM (IST)
गश्ती दल पर फायरिंग करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार।HighLights
- सुआतला पुलिस को मिली सफलता।
- दो बंदूक व कारतूस किए गए जब्त।
- गत 3 फरवरी की है यह वारदात।
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले से सटे हुए वीरांगना दुर्गावति टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव परिक्षेत्र में पश्चिम आमापानी बीट में गश्ती करते हुए वनकर्मियों पर हमला करने एवं अवैध सागौन की तस्करी में लिप्त 6 आरोपियों को सुआतला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
3 फरवरी की दोपहर को जंगल में इस वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। टाइगर रिजर्व के वनरक्षक ऋषिकेश टैगोर द्वारा जिले के सुआतला थाना में इस घटना की एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
इसमें उसने लेख कराया था कि दोपहर करीब 3 बजे गश्त के दौरान ग्राम आमापानी खारी तालाब के पास तीन व्यक्ति राजा, अन्नू एवं सेवक मिले।
रोकने पर उनके द्वारा एवं उनके साथियों द्वारा हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद आरोपियों ने वनरक्षक की मोटरसाइकिल को बंदूक की बट व कुल्हाड़ी से तोड़कर क्षतिग्रस्त किया और मौके से फरार हो गए।
विशेष टीमों का हुआ था गठन
- प्रकरण पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने पर आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
- दबिश के साथ तकनीकी साधनों एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के परिणाम स्वरूप आरोपी राजा उर्फ राजेन्द्र निवासी केरपानी, अभिषेक पटैल (लोधी ) हिरनपुर, रंजीत लोधी, अनिल उर्फ अन्नी लोधी, सेवक ठाकुर, कैलाश उर्फ वरउ नौरिया सभी निवासी ग्राम रमखिरिया को गिरफ्तार कर लिया गया।
- इनके विरुद्ध धारा 132, 296 (ख), 125, 324 (4), 351 (2), 3 (5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पैदल ले जाकर न्यायालय में किया पेश
आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में पैदल ले जाकर न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए।