
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। जिले में भाजपा जिला मंत्री और साथियों पर दर्जनभर से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने भाजपा जिला मंत्री की तरफ फायरिंग भी की है। इस हमले में छह लोगों को चोट आई है। बघाना पुलिस ने इस घटनाक्रम में चार नामजद आरोपितों व उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फायरिंग के आरोपों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार दोपहर तीन से साढ़े तीन बजे के बीच की है। भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा व साथी महू-नीमच रोड स्थित ग्राम हिंगोरिया में एक कृषि भूमि देखने गए थे।
उन्हें दलाल कान्ह सिंह ने कॉल कर बुलाया था और यह जमीन राजू नाम के व्यक्ति की होने की जानकारी दी थी। रोशन वर्मा व साथी बताए गए स्थान पर पहुंचकर दलाल और जमीन मालिक का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान लगभग 12 से 15 लोग मौके पर पहुंचे और वहां से जाने को कहा।
वर्मा ने दलाल द्वारा जमीन बताने की जानकारी दी तो यह लोग विवाद पर आमादा हो गए। उन्होंने जमीन पर अधिकार जताते हुए भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा व साथियों पर लाठी और पत्थरों से हमला बोल दिया। सफेद रंग की कार से आए एक आरोपित ने भाजपा जिला मंत्री को निशाना बनाकर फायरिंग भी की।
लाठी-पत्थर से किए गए हमले में भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा सहित छह लोगों को चोट आई है। इस विवाद के बाद वर्मा ने बघाना थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा ने बताया कि 29 आरी जमीन देखने के लिए ग्राम हिंगोरिया गया था। मेरे साथी पांच अन्य लोग थे। इसी दौरान 12 से 15 लोगों ने ट्रैक्टर और कार से रास्ता बाधित कर हमला कर दिया। जमीन का विवाद न्यायालय में होने का दावा करते हुए हमला कर दिया।
हमले में मुझे, भाई संदीप वर्मा, नवीन वर्मा, राकेश सालवी, दिव्यप्रकाश गोयल और मोहित गोयल को चोट आई है। हमलावर मुकेश नागदा के परिवार के सदस्य हैं।
वहीं बघाना टीआई पुष्पा सिंह चौहान ने बताया कि भाजपा जिला मंत्री व साथियों से मारपीट करने के आरोप में मनीष नागदा, वरदीचंद नागदा, अर्जुन नागदा और जितेंद्र सहित अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
मामले में जांच की जा रही है। फायरिंग के आरोपों की भी तस्दीक की जा रही है। यह विवाद जमीन देखने के दौरान दूसरे पक्ष ने मौके पर पहुंचकर किया है। जांच कर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।