
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। शहर में रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की अगुवाई में हुई कार्रवाई में दुकान से एक क्विंटल से अधिक मावा जब्त किया गया। घरेलू गैस सिलिंडर भी मिले। सैंपलिंग की कार्रवाई के बाद दुकान को सील कर दिया गया। जिले में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर शुक्रवार रात को एसडीएम संजीव साहू के नेतृत्व में जिला प्रशासन, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग और नगर पालिका की टीम शहर के सीआरपीएफ रोड स्थित रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर पहुंची।
दुकान में जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी एवं अमानक खाद्य सामग्री मिली, जिसमें मावा, आइसक्रीम, ब्रेड, मिठाइयां एवं आचार शामिल थे। इन सामग्रियों को ग्राहकों को बेचा जा रहा था। साथ ही दुकान के भीतर चारों ओर गंदगी भी मिली। कार्रवाई में व्यावसायिक उपयोग में घरेलू गैस सिलिंडर भी मिला। टीम ने मावा, सिका मावा, पेड़ा, चॉकलेट बर्फी, ब्रेड पैक, गुलाब जामुन, पाव पैक एवं क्रीम के कुल 7 सैंपल लिए।
दुकान से एक क्विंटल से अधिक मावा जब्त किया गया। ब्रेड और पाव के पैकेटों पर नियमानुसार कोई भी जानकारी अंकित नहीं पाई गई, जो लेबलिंग नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। गंभीर अनियमितताएं एवं जन स्वास्थ्य के लिए खतरा पाए जाने पर अधिकारियों की टीम ने तत्काल दुकान को सील कर दिया है। संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, सीएमओ दुर्गा बामनिया, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत शर्मा सहित नगरपालिका और राजस्व विभाग की टीम मौजूद थी। एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री पाई गई है। मौके पर गंभीर अनियमितताएं और अस्वच्छता मिलने के कारण प्रतिष्ठान को तत्काल सील किया गया है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भोजशाला को वाग्देवी मंदिर घोषित किया, नमाज की अनुमति का आदेश निरस्त