
नीमच नईदुनिया प्रतिनिधि। जिले के नयागांव में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक ट्रक में पीछे से एक कार घुस गई। इस दुर्घटना में कार में सवार 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 1 गंभीर रूप से घायल हुआ है। कार में सवार लोग राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया में सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना गुरुवार रात लगभग साढ़े बारह बजे जिले के नयागांव में महू-नसीराबाद हाई-वे के टोल टैक्स बेरियर और रेलवे क्रासिंग के मध्य हुई है। रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्पीड ब्रेकर पर एक ट्रक की गति धीमी हुई। इसी बीच पीछे से तेज गति से आई एक कार ट्रक में घुस गई।
ट्रक में कार घुसने से कार में सवार महादेव विहार कालोनी मल्हारगढ़ के पिंकेश पुत्र राधेश्याम गुप्ता आयु 40 वर्ष, लसूड़िया कदमाला के भारत पुत्र रामलाल डांगी आयु 43 वर्ष और गोवर्धन पुत्र रामलाल बामनिया आयु 58 वर्ष की मौत हो गई। उनके साथी भैंसाखेड़ा के राम सिंह पुत्र गोरा बंजारा आयु 42 वर्ष को गंभीर चोट आई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। इस गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना पर नयागांव पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से मृतकों के शव और घायल राम सिंह बंजारा को दुर्घटनाग्रस्त कार से निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया, जहां घायल राम सिंह का इलाज जारी है।
जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शवों को स्वजनों के सुपूर्द किया गया है। दुर्घटना के मामले में नयागांव चौकी गहनता से जांच कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि कार सवार लोग मंडफिया में सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए।
सड़क हादसे में मृत पिंकेश गुप्ता अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन का सदस्य थे और मल्हारगढ़ में व्यापार करते थे। वहीं भारत डांगी और गोवर्धन बामनिया भी संभ्रांत परिवार के सदस्य थे। राम सिंह बंजारा कृषि कार्य करते हैं। सड़क हादसे की सूचना पर मल्हारगढ़ क्षेत्र में शोक छा गया। लसूड़िया कदमाला में भी स्वजन सदमे में नजर आए।
पिंकेश गुप्ता व साथियों ने सांवरिया सेठ के दर्शन के बाद मंदिर परिसर में फोटो लिए। सेल्फी भी ली। यह सेल्फी उनके जीवन की आखिरी सेल्फी साबित हुई।