
नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। नीमच शहर के संस्कार पब्लिक स्कूल के प्राचार्य ने एक 12 वर्षीय छात्र को पहले घसीटा। इसके बाद उसे बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा। उसके कपड़े फाड़ दिए। अन्य शिक्षकों के बचाव करने पर प्राचार्य वहां से रवाना हुए। इस दिल दहला देने वाली घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
पुलिस ने अभिभावक की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा है, जिस पर उन्होंने जांच के बाद सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। यह घटनाक्रम शनिवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच का बताया जाता है। शहर की स्कीम नंबर 34 में निजी शिक्षण संस्थान संस्कार पब्लिक स्कूल संचालित होता है।
ग्वाल टोली निवासी नितिन पुत्र यशवंत चौहान आयु 12 वर्ष स्कूल की कक्षा आठवीं का छात्र है। भोजनावकाश के दौरान कक्षा में नितिन का टल्ला लगने से पांचवीं कक्षा का एक छात्र गिर गया, जिसकी शिकायत मिलने पर संस्कार पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विष्णु पंवार कक्षा में पहुंचे और उन्होंने फर्श पर बैठे नितिन चौहान को पहले पीटा।
कुछ रूकने के बाद उसे घसीटकर अन्य बच्चों के बीच से निकाला और इसके बाद फर्श पर पटककर लात घूंसों से पीटा। यह दृश्य अन्य शिक्षकों ने उन्हें रोका और वे कक्षा से बाहर चले गए। प्राचार्य द्वारा की गई मारपीट से नितिन के कपड़े भी फट गए। इस घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
छात्र नितिन ने बताया कि प्राचार्य द्वारा गई मारपीट से उसे हाथ, गर्दन और कमर में चोट आई है। पिता यशवंत चौहान ने बताया कि शिकायत करने पर प्राचार्य ने गलती मानने की बजाय कहा कि ये आज बच गया। नहीं तो इसे मैं छत से फेंक देता। कह देता अन्य बच्चों ने धक्का दिया। हमने नीमच केंट थाने में और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत की है। वहीं प्राचार्य विष्णु पंवार ने मारपीट के आरोपों से इंकार किया है।
संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को हुई घटना के संबंध में सोमवार को नीमच केंट थाने पर रिपोर्ट हुई है। मामला एसपी राजेश व्यास की जानकारी में आने के बाद उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। छात्र नितिन चौहान और स्वजनों के साथ कांग्रेस नेता तरूण बाहेती भी थाने पहुंचे थे।
संस्कार पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विष्णु पंवार ने मेरे पुत्र नितिन चौहान से बेरहमी से मारपीट की। उसे घसीटकर लात-घूंसों से मारा। उसके कपड़े फाड़ दिए। घटनाक्रम की जानकारी लगने पर आपत्ति लेने पर अभद्रता करते हुए गंभीर घटना कारित करने की धमकी भी दी है। मेरी मांग है कि स्कूल बंद हो और प्राचार्य पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटना किसी भी बच्चे के साथ दोबारा न हो। - यशवंत चौहान, छात्र नितिन चौहान के पिता
संस्कार पब्लिक स्कूल नीमच के प्राचार्य ने एक 12 वर्षीय छात्र से मारपीट की है। अभिभावकों से घटना की जानकारी मिलने पर उनके साथ नीमच केंट थाने गया था। मैंने एसपी और टीआइ से चर्चा कर उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी। कार्रवाई करने के संबंध में मांग की है। पुलिस ने भी इस मामले को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया है। - तरूण बाहेती, जिलाध्यक्ष कांग्रेस नीमच
एक 12 वर्षीय छात्र से मारपीट का मामला सामने आया है। स्वजनों ने सीसीटीवी फुटेज से घटना की पुष्टि हो रही है। छात्र के स्वजनों की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है। विधि अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सौरभ शर्मा, टीआई नीमच केंट
एक निजी स्कूल द्वारा छात्र से मारपीट किए जाने के मामले में अभिभावक ने सोमवार को काल कर सूचना दी है। मामले में अभिभावक की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर स्कूल और प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी नीमच