
नईदुनिया न्यूज, पवई। पन्ना जिले के थाना रैपुरा अंतर्गत ग्राम अधराड में बीती रात एक शादी समारोह में उस वक्त दहशत फैल गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाट-फुल्की खाने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों ने चार लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना 13 और 14 मई की दरमियानी रात की है।
अधराड में एक शादी कार्यक्रम के दौरान चाट-फुल्की के स्टॉल पर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राहुल और सोनू बर्मन ने अन्य युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सौरभ लोधी (17 वर्ष), निवासी रैपुरा शिवम लोधी (18 वर्ष), निवासी रैपुरा, राजकिशोर लोधी (35 वर्ष), निवासी बसेहड़ी, जिला कटनी, कुलदीप रैकवार, निवासी अधराड सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैपुरा ले जाया गए।
गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रैपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। थाना प्रभारी स्मिता सिंह बघेल ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
पवई की सलेहा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया है। गुरूवार को इमरती बाई लोधी निवासी ग्राम बिल्हाखुर्द थाना सलेहाने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके जेठ के बेटे राजकुमार लोधी अपनी नबालिग लड़की की शादी कर रहा था, जिसका विरोध उनके परिवार द्वारा किया जा रहा था।
इसी बात को लेकर आरोपी राजकुमार परिवार से रंजिश रखता था और 13 मई की रात को उसके पति नन्हेलाल लोधी घर के बाहर टहल रहे थे, तभी राजकुमार कुल्हाड़ी लेकर आया और जान से मारने की नियत से नन्हेलाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
बीच-बचाव करने पहुंचे पुत्र प्रदीप लोधी पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला कर घायल किया। लोगों ने बीचबचाव किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। साथ ही पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपित राजू प्रसाद लोधी उर्फ राजकुमार लोधी पिता रामकुमार लोधी निवासी बिल्हाखुर्द थाना सलेहा को गिरफ्तार कर उसके पास से कुल्हाड़ी जब्त की है।