
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। तहसील के ग्राम बीकलपुर में गुरुवार को धान की थ्रेसिंग के दौरान भूसे की दिशा और थ्रेसर मशीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में गणेशाराम रघुवंशी की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के सुरेंद्र रघुवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बीकलपुर में गुरुवार को खेत पर धान की थ्रेसिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान थ्रेसर मशीन की दिशा और भूसा किस ओर उड़ रहा है, इस बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान गणेशाराम रघुवंशी, पिता हाकम रघुवंशी को गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें उपचार के लिए सिलवानी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के सुरेंद्र रघुवंशी भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें सिलवानी सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत गंभीर होने पर रायसेन जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी आशुतोष त्यागी पुलिस बल के साथ ग्राम बीकलपुर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीओपी ने गणेशाराम रघुवंशी की मौत की पुष्टि की है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें- एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला... आयुष महाविद्यालयों के 11 शिक्षकों को मिलेगा पुरानी पेंशन योजना का लाभ