
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। देश में चीनी की कीमतों में तेज उछाल के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में मीडिया से बातचीत में एक सवाल के जवाब में कहा कि सब इंतजाम हो रहे हैं, चिंता मत करो। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को रायसेन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक लेने पहुंचे थे।
बैठक के समाप्त होने के बाद मीडिया के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने यह प्रतिक्रिया दी। इसके पूर्व केंद्रीय मंत्री ने रायसेन में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण किया। उन्होंने मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने रायसेन में शीघ्र ही मामा की कोचिंग शुरू होने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए अपने माता-पिता के नाम पर यह तय किया है कि दसवीं और बारहवीं में अच्छे अंक लाने वाले छात्रों को हर साल लेपटॉप दिए जाएंगे, ताकि संसाधनों की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि जो बच्चे आज लैपटॉप पा रहे हैं, उन्हें बधाई, लेकिन जो बच्चे अभी इससे वंचित रह गए हैं, उन्हें भी कड़ी मेहनत करनी चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।
चौहान ने कहा कि लंबे समय से मेरे मन में यह विचार था कि सरकारी स्कूल हर मामले में बेहतरीन क्यों नहीं हो सकते। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी प्राइवेट स्कूलों की तरह अच्छी शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ सीएम राइज स्कूल की कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ सीएम राइज़ और सांदीपनि स्कूलो का कॉन्सेप्ट साकार हुआ।
उन्होंने बताया कि रायसेन का सांदीपनि स्कूल 38 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है और आज यह स्कूल इलाके के बच्चों के लिए आधुनिक और अच्छी क्वालिटी वाली शिक्षा का एक नया उदाहरण बनकर खड़ा है।