मंडीदीप में पूर्व CM पटवा की प्रतिमा स्थापना पर संग्राम; शिवराज की पोस्ट से गरमाई सियासत
मंडीदीप में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा स्थापना के स्थान को लेकर विवाद फिर गरमा गया है। फायर स्टेशन के सामने स्थापना पर कांग्रेस ने यातायात और दमकल वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:50:44 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:50:44 AM (IST)
सलकनपुर में तात्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुन्दरलाल पटवा की प्रतिमा का अनावरण किया था। फाइल फोटो।HighLights
- प्रतिमा स्थापना के स्थान को लेकर विवाद फिर गरमाया
- पूर्व CM सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा अनावरण का मामला
- फायर स्टेशन के सामने स्थापना पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा के अनावरण को लेकर रायसेन जिले के मंडीदीप में सियासी सरगर्मी फिर बढ़ गई है। प्रतिमा स्थापना के स्थान को लेकर कांग्रेस के विरोध और न्यायालय में लंबित मामले के बीच भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अपनी पीड़ा जाहिर की।
गुरुवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पोस्ट के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।
फायर स्टेशन के सामने स्थापित है प्रतिमा
मंडीदीप नगर पालिका ने सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा लायंस पार्क में स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया था। वर्ष 2024 में प्रशासन ने भी इसी स्थान को चिह्नित किया था, लेकिन करीब दो साल पहले प्रतिमा वार्ड-12 में फायर स्टेशन के सामने स्थापित कर दी गई।
कांग्रेस ने की स्थान बदलने की मांग
कांग्रेस ने स्थान परिवर्तन पर आपत्ति जताते हुए यातायात और अग्निशमन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई।पूर्व पार्षद सुनील मालवीय इस मामले में हाईकोर्ट पहुंचे। न्यायालय में मामला लंबित रहने से अनावरण कार्यक्रम दो बार टला।
शिवराज की पोस्ट से गरमाई सियासत
शिवराज ने पोस्ट में पटवा को राजनीति की गरिमा, शुचिता और सिद्धांतों का प्रतीक बताते हुए उनके सम्मान को दलगत राजनीति से ऊपर रखने की अपील की। वहीं, कांग्रेस ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर स्पष्ट किया कि विरोध पटवा के सम्मान का नहीं, बल्कि प्रस्तावित स्थल बदलने और प्रक्रिया की अनदेखी का है।
इस मामले में अभी भाजपा और नगर पालिका का पक्ष सामने नहीं आ सका है।