
राजगढ़। पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नि ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।साजिशन मृतक को दतिया जिले में बुलाया और फिर उसकी हत्या कर शिवपुरी के जंगल में शव दफन कर दिया था।पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल मृतक की पत्नि व उसके प्रेमी पर भी एफआईआर दर्ज करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।उधर मंगलवार को मृतक का उसके गृह गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिले के तलेन थाना क्षेत्र का बमोरी गांव निवासी 26 वर्षीय जीवन कुमार पिता जगदीश मजदूरी के लिए अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रह रहा था।8 जनवरी को जीवन कुमार अचानक खिलचीपुर से लापता हो गया था।
परिजनों की तलाश के बाद 10 जनवरी को खिलचीपुर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जीवन की आखिरी लोकेशन दतिया जिले के पनुआ गांव क्षेत्र में मिली थी।लोकेशन के आधार पर खिलचीपुर थाना पुलिस ने पनुआ गांव पहुंचकर अजय जाटव नामक युवक को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया था।
अजय ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि जीवन को 8 जनवरी को योजनाबद्ध तरीके से छोटू ठाकुर ने पनुआ गांव बुलाया था। इसके बाद मृतक को वह तीनों स्वयं अजय, छोटू ठाकुर, छोटू जाटव शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवेंऊ के पास खाती बाबा मंदिर की पहाड़िया पर जंगल में ले गए।
वहां पहले जीवन को शराब पिलाई गई। फिर शाफी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को वन विभाग द्वारा पानी सोखने के लिए खोदे गए एक गड्ढे में डालकर ऊपर से पत्थरों से ढक दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे। मंगलवार को पुलिस ने अजय जाटव को हिरासत में लिया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित छोटू ठाकुर व मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।
(2).jpg)
छोटू ठाकुर का जिगरी दोस्त छोटू जाटव था और छोटू जाटव के मामा अजय जाटव दतिया जिले के पनुआ गांव में रहते हैं।छोटू ठाकुर भी अजय जाटव को मुंह बोला मामा मानता था।इस तरह तीनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
पुलिस ने सबसे पहले अजय जाटव को पकड़ा। इसके बाद शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव से मुख्य आरोपित छोटू ठाकुर काे गिरफ्तार किया।गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जब छोटू से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने मृतक की पत्नि के साथ मिलकर हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया।उसने पुलिस को बताया कि वह एवं मृतक की पत्नि के बीच पिछले 7-8 माह से प्रेम प्रसंग था।वह उससे मिलने जाया करता था।पति उनके मिलने में बाधा बनता था।पति उनके मिलने में बाधा न बने इसलिए उसको रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची और फिर हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जीवन कुमार यादव अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रह रहा था।इसी दौरान करीब सात माह पहले उसकी पहचान करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव निवासी छोटू ठाकुर से हुई।दोस्ती बढ़ने के बाद छोटू ठाकुर का जीवन के घर आना-जाना शुरू हो गया।इसी दौरान छोटू ठाकुर और जीवन की पत्नी के बीच बातचीत होने लगी।जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई।इसी अवैध संबंध को लेकर जीवन को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।यह प्रेम प्रसंग जीवन की मौत का कारण बना।
मंगलवार को शिवपुरी में पीएम कराने के बाद मृतक जीवन के शव को पुलिस तलेन थाना क्षेत्र के गांव बमोरी लेकर पहुंची।जहां पर शव परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया।घटना के बाद से गांव में शोक छाया है व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्य आरोपित छोटू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।उससे पूछताछ में मृतक की पत्नि की संलिप्ता सामने आई है।इसके बाद उसकी पत्नि से पूछताछ की।जिसमें यह भी हत्या के षड़यंत्र में शामिल थी।इसलिए उसको भी गिरफ्तार कर लिया है।
उमाशंकर मुकाती, टीआइ खिलचीपुर।