राजगढ़ में कानून की धज्जियां... 8 साल की दुल्हन और 10 साल का दूल्हा, ग्रामीणों ने टीम को धमकाकर रचाई शादी
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बाल विवाह का मामला सामने आया है। मंगलवार को भोजपुर थाने के एक गांव में आठ साल की एक बच्ची के साथ 10 साल के बच्चे के फेर ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 10:11:18 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 10:11:18 PM (IST)
राजगढ़ में कानून की धज्जियांHighLights
- राजगढ़ में 8 साल की बच्ची और 10 साल के बच्चे का कराया गया बाल विवाह
- महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के साथ ग्रामीणों ने की अभद्रता
- टीम के सामने बालिग युवक को पेश कर ग्रामीणों ने प्रशासन को गुमराह किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बाल विवाह का मामला सामने आया है। मंगलवार को भोजपुर थाने के एक गांव में आठ साल की एक बच्ची के साथ 10 साल के बच्चे के फेरे करा दिए गए। सूचना पर पहुंची महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया और उनसे अभद्रता की। महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी संतोष चौहान ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि कुशलपुरा गांव में एक 10 साल के बच्चे का विवाह कराने की तैयारी है।
ग्रामीणों ने टीम को घेरा और बालिग युवक को पेश कर किया गुमराह
शाम को जब टीम गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर काफी देर तक अभद्रता की। उस पर भी टीम नहीं रुकी तो ग्रामीणों ने एक युवक को हल्दी लगाकर उनके सामने पेश कर दिया कि इस लड़के की शादी हो रही है और वह बालिग है। टीम पंचनामा बनाकर लौट आई। मंगलवार को कुशलपुरा गांव से इस 10 साल के दूल्हे की बारात देवाखेड़ी पहुंची। यहां आठ साल की बच्ची के साथ उसके फेरे करा दिए गए।
विदाई के बाद खुला राज, माता-पिता समेत अन्य पर मामला दर्ज
बुधवार को बारात दुल्हन की विदाई कराकर वापस कुशलपुरा लौट आई, तब प्रशासन को इसकी सूचना मिली। महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर ने भोजपुर थाने पहुंचकर इसकी लिखित शिकायत की। इसके आधार पर पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता सहित समाज के अन्य लोगों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के आरोपित राहुल गुर्जर ने मुरैना कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजा