
नईदुनिया प्रतिनिधि,राजगढ़। जिले के पचोर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर बकरियां चराने के लिए गई एक 10 वर्षीय नाबालिग के साथ तीन नाबालिगों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी पीड़िता ने परिजनों को दी। इसके बाद पीड़िता की भाभी की शिकायत पर पचोर थाने में तीनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 19 जून की है। बताया गया है कि पचोर थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची बकरियां चराने के लिए गांव में ही जंगल की ओर गई थी। उसी समय उसी के मोहल्ले में रहने वाला एक 12 वर्ष का बालक भी अपनी बकरियां चराने के लिए चला गया। जब वे दोनों वहां बकरियां चरा रहे थे, तब ही एक 14 वर्ष व एक 15 वर्ष का नाबालिग खजूर खाने के लिए जा पहुंचे। तब ही तीनों नाबालिग किशोरों के द्वारा 10 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया गया। तीनों किशोरों के द्वारा किशोरी के साथ ज्यादती की गई है।
परिजनों को बताने पर कराई एफआईआर
घटना के बाद किशोरी द्वारा परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी देते हुए पूरी आपबीती बताई गई। इसके बाद किशोरी की भाभी ने आरोपियों के खिलाफ पचोर थाने में शिकायत की है। पचोर पुलिस ने तीनों किशोरों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने तीनों किशोरों को अपनी निगरानी में रखना शुरू कर दिया था।
पुलिस का क्या कहना है
"किशोरी बकरियां चराने गई थी। एक किशोर भी बकरियां चराने गया था। तब ही खजूर खाने दो और पहुंच गए। तीनों ने मिलकर उसके साथ ज्यादती की है। हमने बालिका की भाभी की शिकायत पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। चूंकि मामला नाबालिगों से जुड़ा है, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन भी प्राप्त कर रहे हैं।"
- शकुंतला बामनिया, टीआई पचोर
यह भी पढ़ें- एमपी के सरकारी अस्पताल में लापरवाही का ‘डोज’! मासूम की आंखों में डाला नोजल ड्रॉप, हमेशा के लिए चली गई आंखों की रोशनी