हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर राजगढ़ में सड़क पर उतरीं महिलाएं, शहर में रैली निकाल चौराहे पर फेंका, बोलीं- पांच गुना आ रहा बिजली बिल
स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध एक बार फिर से तेज हो गया। राजगढ़ में महिलाओं ने घरों में लगे स्मार्ट मीटर निकाल दिए और हाथों में लेकर शहर में रैली निकाली ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 30 Jun 2026 06:59:06 PM (IST)Updated Date: Tue, 30 Jun 2026 07:17:35 PM (IST)
राजगढ़ में स्मार्ट मीटर का विरोध करती महिलाएं।HighLights
- अब पांच हजार रुपए से अधिक के बिल थमाए जा रहे
- बोली-बिजली कंपनी के अधिकारी सुनने को नहीं तैयार
- निकाले गए मीटर में भी चलती रही रीडिंग का किया दावा
नवदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध एक बार फिर से तेज हो गया। इसी बीच मंगलवार को राजगढ़ में महिलाओं ने घरों में लगे स्मार्ट मीटर निकाल दिए और हाथों में लेकर शहर में रैली निकाली व नाका नंबर तीन पर पहुंची। वहां पर मीटर फेंककर विरोध जताया।
इसके बाद बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। महिलाओं का कहना है कि पहले जो मीटर लगे थे उनके मुकाबले स्मार्ट मीटरों से बिल चार से पांच गुना आ रहे हैं। जिसके कारण हर परिवार के ऊपर अधिक आर्थिक भार पड़ रहा है।
घरों में लगे स्मार्ट मीटर निकाल दिए, चौराहे पर फेंका
विरोध में मंगलवार को नगर के बांसावाड़ा क्षेत्र की महिलाएं और रहवासी विरोध में सड़क पर उतर आए। महिलाओं ने घरों में लगे स्मार्ट मीटर निकालकर हाथों में लिए और उनके साथ रैली निकालते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से होकर नाका नंबर तीन पहुंचीं। बारिश के बीच बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में मीटर लेकर सड़कों पर निकलीं और स्मार्ट मीटर हटाओ के नारे लगाए।
अब पांच हजार रुपए से अधिक के बिल थमाए जा रहे
विरोध-प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल चार से पांच गुना तक बढ़ गए हैं। पहले जहां 400 से 500 रुपए बिल आता था, वहीं अब पांच हजार रुपए से अधिक के बिल थमाए जा रहे हैं। रैली निकालते हुए महिलाएं नाका नंबर 3 पर पहुंची और मीटर फेंक दिए।
यहां प्रदर्शनकारी स्मार्ट मीटर अधिकारियों को सौंपना चाहते थे, लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी होने के कारण कोई जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिला। इसके बाद भी महिलाएं और रहवासी काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आगे से स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएं, नहीं तो फिर से निकालकर फेंक दिए जाएंगे।
बिजली कंपनी सुनने को तैयार नहीं
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली में अधिक बिलों को लेकर कई बार शिकायतें की, लेकिन कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी आपत्तियों और शिकायतों को सुनने को तैयार नहीं हैं। मना करने के बावजूद जबरन स्मार्ट मीटर लगा दिए, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। महिलाओं ने कहा कि अधिकांश परिवार मजदूरी और छोटे-मोटे काम कर अपना जीवनयापन करते हैं, ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिल भरना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें- राजगढ़ के सोनू भाट का ग्लोबल धमाका: चाय वाले का बेटा जाएगा जापान; कबाड़ के प्लास्टिक से खोजा अंतरिक्ष यान बनाने का फॉर्मूला
निकाले गए मीटर में भी चलती रही रीडिंग का किया दावा
प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने दावा किया कि जिन स्मार्ट मीटरों को उन्होंने घरों से निकाल दिया था, उनमें भी रीडिंग चलती रही। उन्होंने कहा कि जब मीटर लगे ही नहीं तो फिर रीडिंग क्यों चल रही है। वर्षा के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाने की मांग दोहराई। फोटो राजगढ़। वर्षा के बीच हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर रैली निकालते हुए। फोटो राजगढ़। नाका नंबर 3 पर फेंके स्मार्ट मीटर।