
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। राजगढ़ जिले के खारपरस गांव में एक आरोपित को महिला के पैरों से पायल लूटना महंगा साबित हुआ है। ग्रामीणों ने घटना के बाद सुबह आरोपित को पकड़कर ट्रैक्टर-ट्राली से बांधकर न सिर्फ मारपीट की है, बल्कि उसको लोहे का सरिया गर्म कर पैरों पर जलाया भी गया है। घटना के बाद दोनों महिला पक्ष की शिकायत पर युवक पर लूटपाट का मामला दर्ज किया है, जबकि युवक से मारपीट करने पर चार पर एफआईआर की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कालीपीठ थाना क्षेत्र के गांव खारपरस में 23 जून रात करीब साढ़े 11 बजे उसी गांव का गोविंद वर्मा नामक युवक गांव में ही 90 वर्षीय जतनबाई सौंधिया के घर में घुस गया। महिला परिवार से अलग अकेली रहती थी। यह देखकर युवक ने महिला के घर में घुसकर उसके पैरों में मौजूद चांदी की पायल निकाल ली और चांदी के कड़े उतारने का प्रयास करने लगा। तब ही महिला की नींद खुल गई। नींद खुलने के साथ ही बुजुर्ग महिला ने स्थिति को भांपते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनते ही आरोपित गोविंद वर्मा वहां से भाग निकला।
इसके बाद 24 जून को लूट की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। खोजने के बाद ग्रामीणों ने आरोपित गोविंद वर्मा को पकड़ लिया। उसे गांव के अंदर लाकर मारपीट की। फिर ट्रैक्टर-ट्राली से बांधकर पीटा गया। तब ही एक युवती लोहे के तार को गर्म करके ले आई और युवक के पैरों को दाग दिया। बार-बार जब दागा गया तो युवक दर्द से कराहता हुआ जमीन पर पड़ गया। कुछ लोग हालांकि ऐसा नहीं करने का भी बोलते नजर आए।
युवक को बांधकर मारपीट करने व लोहे से दागने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद जैसे ही पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस भी हरकत में आ गई। इसी के साथ आरोपित युवक द्वारा बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर चांदी की पयल लूटने व कड़े लूटने के प्रयास को लेकर महिला पक्ष की ओर से लूटपाट की धाराओ में एफआईआर दर्ज की है।
जबकि उधर युवक को ट्रैक्टर-ट्राली से बांधकर मारपीट करने पर पुलिस ने गोविंद वर्मा पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपित लाखन सौंधिया, देवराज सौंधिया, रामबाबू सौंधिया व एक युवती के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओ में एफआइआर दर्ज की है।इस पूरे मामले की जांच अब एसडीओपी स्तर पर की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में मानवता हुई शर्मसार: बाइक चोरी के शक में दो नाबालिगों की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई
युवक के साथ मारपीट करने व पूरे घटनाक्रम को लेकर हमने एफआइआर दर्ज कर ली है।साथ ही चारो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अमित तोलानी, एसपी राजगढ़।