
नईदुनिया न्यूज, सैलाना (रतलाम)। अवैध शराब परिवहन के मामले को लेकर मंगलवार को थाना परिसर राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पुलिस कार्रवाई को अधूरा बताते हुए समर्थकों के साथ सुबह से थाने में धरने पर बैठ गए। विधायक का कहना है कि बोलेरो वाहन में चार पेटी से अधिक शराब थी, जिसे बाजार क्षेत्र व बस स्टैंड स्थित एक शराब दुकान पर छुपाया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह विधायक कमलेश्वर डोडियार को कोटड़ा क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट व काले कांच लगी बोलेरो से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। विधायक ने समर्थकों के साथ वाहन का पीछा किया। वाहन चालक अड़वानिया से बागरियों की खेड़ी मार्ग होते हुए सैलाना नगर के बाजार क्षेत्र में शराब छुपाकर भागने का प्रयास कर रहा था। बाद में बायपास क्षेत्र में वाहन को रोककर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने वाहन (एमपी-43/जेडसी-0842) से चार पेटी शराब जब्त की, लेकिन विधायक ने इसे अधूरी कार्रवाई बताते हुए सवाल उठाए। विधायक का कहना है कि बोलेरो में अधिक शराब भरी हुई थी और पुलिस पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि नगर व संबंधित शराब दुकानों के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच की जाए, ताकि वास्तविक रूप से लाई गई शराब व उसे कहां छुपाया गया, इसका खुलासा हो सके।
मामले को लेकर विधायक मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे से समर्थकों के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। भरी दोपहरी में भी वे समर्थकों के साथ धूप में डटे रहे। दोपहर में उन्होंने धरनास्थल पर ही पत्तल-दोने में भोजन किया और फिर पुनः धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान विधायक ने कलेक्टर, एसपी, एसडीओपी व थाना प्रभारी को पत्र लिखकर छुपाई गई शराब बरामद करने, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने, सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि शराब से भरी बोलेरो ने उनके साथी नागेश्वर खराड़ी निवासी भेरूघाटा की बोलेरो को कोटड़ा क्षेत्र में टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया। धरने के दौरान विधायक ने सहायक आबकारी आयुक्त शादाब अहमद सिद्दीकी को फोन लगाया, लेकिन फोन काट दिए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि बोलेरो चालक की निशानदेही पर चार पेटी शराब जब्त की गई है। शराब को शाम को आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है। आरोपित कमल निनामा व विष्णु डामोर को आबकारी विभाग पूछताछ के लिए अपने साथ ले गया है। धरने में जिला जनपद उपाध्यक्ष केशुराम निनामा, भारत आदिवासी पार्टी के चंदू मईड़ा, विक्रम चारेल, बंटी राणा, विनीत भाभर, बापूलाल चरपोटा, डूंगरसिंह डिंडोर, मदनलाल डामोर, राकेश मईड़ा, सुखलाल भाभर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इंदौर: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले पुलिसकर्मी को दस वर्ष कारावास