रतलाम CGST दफ्तर में CBI की छापेमारी, 1.5 लाख की रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक मामले में सीजीएसटी रतलाम के सहायक आयुक्त शंकर परमार को ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 10:11:57 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 10:11:57 PM (IST)
रतलाम CGST दफ्तर में CBI की छापेमारी।HighLights
- रतलाम CGST दफ्तर में CBI की छापेमारी।
- 1.5 लाख की रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार।
- फर्म के खिलाफ कार्रवाई न करने के बदले मांगी रिश्वत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। सीबीआई ने रिश्वतखोरी के एक मामले में सीजीएसटी रतलाम के सहायक आयुक्त शंकर परमार को ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। आरोपित अधिकारी पर एक फर्म के खिलाफ जीएसटी की कार्रवाई न करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
सीबीआई द्वारा 31 मार्च को दर्ज किए गए प्रकरण में सहायक आयुक्त सीजीएसटी रतलाम शंकर परमार और निजी व्यक्ति सुरेश मनसुखानी को आरोपित बनाया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) व प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फर्म के खिलाफ कार्रवाई न करने के बदले मांगी 5 लाख की रिश्वत
जानकारी के अनुसार सीबीआई को 30 जनवरी 2026 को प्राप्त एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रतलाम स्थित सीजीएसटी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ता की फर्म के खिलाफ जीएसटी की कार्रवाई शुरू न करने के बदले अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।
शिकायत की जांच और सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि सहायक आयुक्त शंकर परमार ने एक बिचौलिए के माध्यम से शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता की फर्म जावरा की होना बताई जा रही है।
सीबीआई की ट्रैप कार्रवाई और ठिकानों पर तलाशी
इसके बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और सीजीएसटी कार्यालय रतलाम में कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक आयुक्त को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत बिचौलिए के माध्यम से स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद मंगलवार देर रात तक सीजीएसटी कार्यालय में दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई। सीबीआई की टीम द्वारा आरोपितों के ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई कर मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।