नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम/नामली। एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत की स्थिति के बीच नामली में अवैध भंडारण को लेकर बुधवार शाम करीब 7:30 बजे प्रशासन की संयुक्त टीम ने महू रोड स्थित शहजाद मंसूरी के यहां छापामार कार्रवाई करते हुए 31 गैस सिलेंडर जब्त किए।
गोपनीय शिकायत मिलने के बाद ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान पटवारी टीकमसिंह चौहान, सहायक आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान, थाना प्रभारी गायत्री सोनी और पुलिस बल मौजूद रहा।
मौके से भारत गैस के 21, एचपी के 04, इंडेन के 05 और रिलायंस कंपनी का 01 गैस सिलेंडर बरामद किया गया। जब्त सिलेंडरों को स्थानीय गैस एजेंसी संचालक के गोदाम में जमा कराया गया है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार शहजाद मंसूरी करीब 20 वर्षों से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करता आ रहा है। कोरोना काल में भी उसके यहां छापेमार कार्रवाई हो चुकी है।
उसके घर के सामने के हिस्से में आटोमोबाइल सर्विस सेंटर संचालित किया जाता है, जबकि गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण घर के पिछले हिस्से में किया जाता था।
नामली के गैस डीलर राजेश भंसाली ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर 990 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन शहजाद मंसूरी के यहां अवैध रूप से 1200 से 1300 रुपये में सिलेंडर बेचे जा रहे थे।
पहले भी अवैध भंडारण की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि विभाग के प्रतिवेदन मिलने के बाद प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही है। मौके से 22 भरे हुए और 9 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
आशीष उपाध्याय, तहसीलदार ग्रामीण