
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। दीपोत्सव मनाने गुजरात के वापी से राजस्थान के गंगानगर जा रहा जीएसटी अधिकारी का परिवार गुरुवार को दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गया। जावरा के समीप सादाखेड़ी ओवरपास पर कार करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में गंगानगर निवासी प्रवीण मीणा, उनकी पत्नी संतोष और दो बेटे 10 वर्षीय आदित्य व आठ वर्षीय अथर्व घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार से पुलिस को करीब 57 लाख रुपये नकद व आभूषण मिले हैं।
प्रवीण मीणा गुजरात के वापी में जीएसटी विभाग में सुपरिंटेंडेंट के पद पर पदस्थ हैं। वह परिवार के साथ निजी कार से दीपावली मनाने अपने घर गंगानगर जा रहे थे। गुरुवार शाम करीब पांच बजे सादाखेड़ी ओवरपास के पास अचानक कार से चालक का नियंत्रण हट गया और वाहन नीचे जा गिरा।
सूचना पर डायल 112 की टीम और सरसी चौकी प्रभारी अय्यूब खान बल के साथ पहुंचे। उन्होंने कार से घायलों को बाहर निकालकर जावरा अस्पताल पहुंचाया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच की तो उसमें रखे बैग में कपड़ों के बीच नकदी और आभूषण मिले।
यह भी पढ़ें- 33 दिन तक पुलिस को छकाता रहा पूर्व IAS का हत्यारा, बहन को किए एक कॉल ने पहुंचाया सलाखों के पीछे