
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। जावरा रोड स्थित कार शोरूम के सामने सोमवार-मंगलवार देर रात करीब चार बजे एक जीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के 13 लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। सभी शहर के माली कुआं क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में परेशान होना पड़ा। वहीं घायल भी एंबुलेंस के इंतजार में दर्द से कराहते रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार राजस्थान स्थित सांवलियाजी में कुलदेवता की पूजा कर रतलाम लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में 60 वर्षीय जगदीश पुत्र परमानंद उर्फ लाला पटेल निवासी मालीकुआं की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें वडोदरा रेफर किया जा रहा था।
घायलों में 55 वर्षीय जमना माली पत्नी राजू माली (55), 67 वर्षीय भूलीबाई पत्नी राधेश्याम, 45 वर्षीय रेखा भटनागर पत्नी मनोज, 28 वर्षीय आशु पुत्र जगदीश, 30 वर्षीय आनंद पुत्र जगदीश, 28 वर्षीय पूजा पत्नी आनंद, 52 वर्षीय नीता पत्नी जगदीश, 28 वर्षीय नंदनी पत्नी आशु, 15 वर्षय दक्ष पुत्र कन्हैयालाल, 15 वर्षीय मित पुत्री सत्यनारायण, पांच वर्षीय समीक्षा पुत्री आनंद, 45 वर्षीय अशोक पुत्र धन्नालाल और पांच वर्षीय मितांश पुत्र आशुतोष शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल भूलीबाई, रेखा भटनागर, नीता तथा वाहन चालक अशोक को वडोदरा रेफर किया गया है।
हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने से घायलों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में डायल-112 के तीन वाहनों से घायलों को मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां से स्वजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वाहन चालक को नींद की झपकी आने के कारण दुर्घटना होना सामने आया है।