
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम, नामली। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने जिस तरह की भाषा का प्रयोग मेरे खिलाफ किया वो भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग था। क्या भाजपा में गाली-गलौच का प्रशिक्षण दिया जाता है। उस दिन से मेरे खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर नई-नई गालियां दी जा रही है। मुझे गाली देने के लिए सीएम को रोज एक घंटे का सेशन रखना चाहिए।
यह बात नामली में जिला कांग्रेस के प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही। जीतू पटवारी ने कहा कि उनकी गालियां हमारे लिए फूल हैं। वे मेरे खिलाफ नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस मोहब्बत की दुकान लेकर चलती है।
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला दिया है। 90 प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक हुए। नीट के चेयरमैन आरएसएस पृष्ठभूमि से है। सरकार चाहे तो लीक रोक सकती है। सभी भर्ती परीक्षाओं में घपले हो रहे हैं।देश में एक भी निष्पक्ष व्यवस्था नहीं बची है। चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।
जीतू पटवारी ने कहा कि 2028 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। भ्रष्टाचार का कैंसर और भाजपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। रतलाम में पूर्व गृहमंत्री को भूमाफिया के खिलाफ एसपी केे सामने धरना देना पड़ा। भोपाल के वल्लभ भवन की पांचवीं मंजिल से करप्शन चल रहा है।
कांगेस का प्रशिक्षण वर्ग पदाधिकारियों को लेकर था, इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता गौरव पोरवाल दरी लेकर पहुंचे और कहा कि हम नीचे बैठ जाएंगे, लेकिन हमें भी प्रशिक्षण में शामिल होना। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी का काफिला आने पर पटवारी रूके और पोरवाल से चर्चा कर बताया कि प्रशिक्षण मंडल, ब्लाक अध्यक्ष व पदाधिकारियों के लिए है। मुझसे मिलने के लिए कोई रोक नहीं। बाद में वे दोनों कार्यकर्ताओं को अपने साथ कार में बैैठाकर ले गए।