
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत पीएनटी कालोनी में गुरुवार-शुक्रवार की रात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। इसी दौरान कुत्तों के भौंकने और रहवासियों के जागने पर बदमाशों ने मकानों पर पत्थर बरसाए और भाग निकले। घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। बदमाशों के हाथ में चाकू और अन्य हथियार थे। चोरों ने क्षेत्र में तीन से चार मकानों को निशाना बनाने का प्रयास किया।
पीएनटी कॉलोनी निवासी आशीष खरोले निजी फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। वे परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। रात करीब 3 बजे बदमाशों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर प्रवेश किया। दो बदमाश घर के कार्नर पर खड़े थे। उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ दिया, लेकिन लाकर नहीं तोड़ सके। लगातार कुत्तों के भौंकने की आवाज से पास रहने वाले बुजुर्ग कैलाशचंद्र महावर की नींद खुल गई।
तीन-चार बार घर के बाहर की लाइट बंद-चालू की, ताकि बाहर कोई व्यक्ति मौजूद होने पर उसे घर में लोगों के जागने का अंदाजा हो जाए। कुछ देर बाद उन्हें जाली से बाहर कुछ परछाइयां दिखाई दीं। वे दरवाजा खोलकर बाहर निकले तो पास के मकान के सामने एक बदमाश खड़ा दिखाई दिया। कैलाशचंद्र ने शोर मचाया और स्थिति भांपकर तुरंत घर के अंदर चले गए। जाली का गेट बंद कर दिया।
इसी दौरान एक बदमाश उनके घर की जाली पर टूटा हुआ ताला फेंककर भागा। दूसरी तरफ से दो बदमाश भी दौड़ते हुए आए। आवाज सुनकर आसपास के रहवासी जाग गए। पहली मंजिल से लोगों ने शोर मचाकर बदमाशों को ललकारा तो उन्होंने मकानों की ओर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया और भाग निकले। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
इस घटना से पहले मंगलवार-बुधवार की रात भी औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत जावरा रोड स्थित लेनार्ड सिटी कॉलोनी में तीन बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया था। रहवासियों के जागने और ललकारने पर बदमाश वहां भी पत्थरबाजी करते हुए भागे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्चिंग की और एक बदमाश को पकड़ लिया था।
वह झाबुआ जिले का निवासी निकला। पुलिस ने इसी मामले में झाबुआ से एक और आरोपित को हिरासत में लिया है। दोनों घटना में रेलवे ट्रेक के समीप की कॉलोनियों को निशाना बनाया गया है। थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले है, बदमाशों की तलाश में टीम जुटी है।
यह भी पढ़ें- चोरी करते-करते आ गई गहरी नींद... एसी-कूलर गोदाम में सोता रह गया चोर, सुबह मालिक ने पकड़कर पुलिस को सौंपा