
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। प्रेम विवाह से नाराज एक परिवार ने अपनी 23 वर्षीय बेटी को मृत मानते हुए घर पर शोक कार्यक्रम आयोजित कर दिया। बेटी की तस्वीर रखकर उस पर माला चढ़ाई गई। पंडित को बुलाकर हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ किया गया। इसके बाद रिश्तेदारों और समाजजनों के लिए भोज भी रखा गया। परिवार का कहना है कि बेटी ने उनकी इच्छा के विरुद्ध शादी कर उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है।
मामला जावरा के कुम्हारीपुरा का है। यहां रहने वाले एक परिवार की सबसे छोटी बेटी की शादी 3 दिसंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे। घर में भागवत कथा का आयोजन भी किया गया था। इसी बीच परिवार को जानकारी मिली कि बेटी ने रिंगनोद निवासी अपने प्रेमी के साथ उज्जैन जाकर विवाह कर लिया है।
परिवार के अनुसार, बेटी ने खुद अपने होने वाले ससुराल में फोन कर दूसरी शादी करने की जानकारी दी। इसके बाद यह बात उसके मायके वालों तक पहुंची। परिवार ने पुलिस को भी सूचना दी। युवती थाने पर पेश हुई। हालांकि, बेटी के इस फैसले से आहत पिता और अन्य स्वजन ने उससे संबंध तोड़ने जैसा कदम उठाते हुए उसे मृत मानकर सोमवार सुबह घर पर गोरनी (शोक) कार्यक्रम कर दिया।
युवती के पिता मटके का ठेला लगाते हैं। उनके चार बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी, उसके बाद एक बेटा और फिर दो बेटियां हैं। पिता ने बताया कि छोटी बेटी की शादी 3 दिसंबर को जावरा में ही तय की थी। परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार पूरी तैयारी की थी। निमंत्रण पत्र भी बांट दिए थे।
तीन-चार दिन पहले बेटी के उज्जैन जाकर रिंगनोद के युवक से शादी करने की जानकारी मिली। बेटी ने खुद उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी, बल्कि होने वाले ससुराल में फोन कर बताया था। पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी को कॉलेज तक पढ़ाया-लिखाया, लेकिन उसने परिवार की भावनाओं का ध्यान नहीं रखा। इसी पीड़ा के चलते उसे मृत मानकर शोक कार्यक्रम किया।
यह भी पढ़ें- एमपी में सड़क निर्माण में लापरवाही... अब भी पुरानी सड़कों पर बिछा रहे परतें , FDR तकनीक से बच रहे निकाय