
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में 40 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में फरियादी का 22 वर्षीय कर्मचारी फरदीन खान ही लूट का साजिशकर्ता निकला। उसने अपने भाई फैज और साथी असबाब के साथ मिलकर पूरी वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी फरदीन को गिरफ्तार कर उसके और असबाब के घर से लूटी गई पूरी 40 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है, जबकि आरोपित फैज पुत्र फिरोज खान और असबाब पुत्र सलीम रंगरेज निवासी हाट रोड फरार है।
पुलिस के अनुसार 30 जून को शराब व्यवसायी गौरव शर्मा की विभिन्न दुकानों से एकत्र करीब 40 लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए मनीष पटवा के कार्यालय भेजे गए थे।

राशि गिनने के बाद कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज बैग लेकर ऊपर जा रहे थे। इसी दौरान ब्लिंकिट की वर्दी पहने और चेहरा ढके युवक ने जान से मारने की धमकी देकर बैग लूट लिया था। थाना स्टेशन रोड पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरियादी के कर्मचारी फरदीन की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

आरोपित फरदीन
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि रकम मिलने के बाद उसने व्हाट्सएप पर OK संदेश भेजकर अपने साथियों को संकेत दिया। इसके बाद फैज और असबाब ब्लिंकिट की वर्दी पहनकर स्कूटी से पहुंचे और पूर्व नियोजित योजना के तहत बैग लेकर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि असबाब पहले ब्लिंकिट में काम कर चुका था। पुलिस को गुमराह करने और संदेह से बचने के लिए उसी कंपनी की ड्रेस का इस्तेमाल किया गया।
फरदीन की निशानदेही पर उसके घर और असबाब के घर के स्टोर रूम से पूरी 40 लाख रुपये की नगदी बरामद कर ली गई। पुलिस फरार आरोपियों फैज और असबाब की तलाश में दबिश दे रही है तथा उनके आपराधिक रिकार्ड की भी जांच की जा रही है।