
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। जिले के सेमरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर के समापन कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग आदिवासी महिला ने ट्राई साइकिल नहीं मिलने पर विधायक रीती पाठक का पैर पकड़ लिया।
महिला की इस स्थिति को देखकर विधायक रीती पाठक अधिकारियों पर नाराज हो गईं। उन्होंने सवाल किया कि आवेदन देने के बाद भी अब तक महिला को ट्राई साइकिल क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद तत्काल महिला को ट्राई साइकिल दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि उसने अधिकारियों से कई बार सहायता की मांग की थी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। अपनी परेशानी बताते हुए वह विधायक के सामने पहुंची और मदद की गुहार लगाई।
महिला की बात सुनकर विधायक भी हैरान रह गईं। उन्होंने सिर पर हाथ रखते हुए कहा, "मोर बप्पा रे, अभी तक इनका रिक्शा नहीं मिला।" इसके बाद उन्होंने एसडीएम राकेश शुक्ला की ओर देखा।
मौजूद लोगों के अनुसार विधायक की प्रतिक्रिया के बाद भी एसडीएम ने कोई जवाब नहीं दिया और न ही महिला की ओर देखा। इसके बाद विधायक ने वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता को महिला का नाम और पता नोट करने के निर्देश दिए, ताकि उसकी समस्या का समाधान किया जा सके। इस दौरान विधायक ने महिला से पैर छोड़ने का आग्रह किया। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने महिला के हाथों से विधायक का पैर छुड़ाया।
कार्यक्रम में विधायक रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह और गोपद बनास एसडीएम राकेश शुक्ला सहित कई अधिकारी मौजूद थे। पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।