
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। गुढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम बदवार, बरसैता, डढ़वा, जल्दर, दुआरी और उमरिहा में बीती रात एक जंगली हाथी के घुस आने से हड़कंप मच गया है। हाथी ने कई घरों की बाउंड्रीवाल गिरा दी और फसलों को नुकसान पहुंचाया। सुबह होते-होते हाथी जल्दर और दुआरी गांव की ओर बढ़ता देखा गया, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी देर रात करीब 1 बजे बदवार गांव की तरफ से आया। सबसे पहले उसने बरसैता में रामलाल कुशवाहा के घर की बाउंड्री तोड़ी। इसके बाद डढ़वा में खेतों में खड़ी धान की फसल को रौंद दिया।
गांव-गांव घूमता रहा और सुबह 5 बजे तक जल्दर व दुआरी के बीच पहुंच गया। दुआरी निवासी शिवकुमार पटेल ने बताया, पूरी रात हम लोग जागते रहे। बच्चे-बूढ़े सब डरे हुए हैं। हाथी जिस तरफ जाता है, लोग घर छोड़कर भाग रहे हैं। कई घरों की दीवारें गिर गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इन गांवों में बिजली के तार अत्यंत ढीले और जर्जर हालत में हैं। कई जगह तार जमीन से सिर्फ 6-7 फीट ऊपर लटक रहे हैं। हाथी के आने से तार टूटने और करंट फैलने का खतरा बढ़ गया है। अगर हाथी किसी पोल से टकरा गया तो बड़ी जनहानि हो सकती है।
घटना की सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और डीएफओ रीवा से मांग की है कि हाथी को तुरंत रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाए। साथ ही बिजली विभाग से जर्जर तारों को तत्काल ठीक करने की मांग की गई है।
उमरिहा के सरपंच रामनरेश साकेत ने कहा कि हमने रात में ही गुढ़ थाने और वन विभाग को सूचना दे दी थी, लेकिन सुबह 9 बजे तक कोई नहीं आया। हाथी गांव में घूम रहा है। कभी भी किसी के घर में घुस सकता है।
बता दें कि सीधी-सिंगरौली के जंगलों से भटककर हाथी अक्सर गुढ़ तहसील के गांवों में आ जाते हैं। पिछले साल भी बरसैता में हाथी ने एक मकान तोड़ दिया था। लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
एसडीएम गुढ़ ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के पास न जाएं, शोर न मचाएं और सुरक्षित स्थान पर रहें। वन विभाग की टीम रवाना कर दी गई है। हाथी को ट्रैक कर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी अनहोनी हो सकती है। फिलहाल सभी गांवों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में डस्ट अनलोड करने पहुंचा हाइवा दो कारों पर पलटा, ड्राइवर वाहन छोड़कर भागा