
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। चाकघाट के मुख्य बाजार में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब गोलू फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। लकड़ी, प्लाई, फोम और पेंट से भरी दुकान में आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार देखकर पूरे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे दुकान के गोदाम से धुआं उठता दिखा। देखते ही देखते आग शोरूम में फैल गई। फर्नीचर में ज्वलनशील पदार्थ ज्यादा होने से आग बेकाबू हो गई।
सबसे बड़ी लापरवाही प्रशासन की सामने आई। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत चाकघाट थाना, त्योंथर एसडीएम और रीवा फायर कंट्रोल को फोन किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक करीब दो घंटे बाद भी मौके पर एक भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची। लोग बाल्टी, पाइप और रेत से आग बुझाने की नाकाम कोशिश करते रहे।
अगर जल्द आग पर काबू नहीं पाया गया तो आधा दर्जन से ज्यादा दुकानें चपेट में आ सकती हैं। इससे करोड़ों के नुकसान की आशंका है। व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
सूचना पर चाकघाट पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर सुरक्षा घेरा बनाया। पुलिस ने बिजली विभाग को फोन कर पूरे बाजार की लाइट कटवाई ताकि करंट से कोई बड़ा हादसा न हो। गनीमत रही कि दुकान बंद होने से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों का तैयार फर्नीचर जलकर राख हो गया।
व्यापारियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि चाकघाट में तत्काल फायर ब्रिगेड की स्थायी तैनाती की जाए और आज की घटना में लेटलतीफी की जांच कराई जाए।
यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद जबलपुर में आतिशबाजी और धुएं से वायु की गुणवत्ता बेहद खराब, हो जाएं सावधान