
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। जिला कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया। जब सीधी विधानसभा के प्रभारी विनोद शर्मा के साथ कांग्रेस के दो कार्यकत्ताओं द्वारा जमकर झूमा झटकी किया है। इसके तत्काल बाद ही दोनों लोगों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य पद से निष्कासित कर दिया गया है। घटना और कार्रवाई दोनों को लेकर सीधी सहित आसपास के जिले में राजनीति का बाजार गर्म है। इंटरनेट मीडिया भाजपा के लोग चुटकी ले रहे तो वही कांग्रेस के पदाधिकारी दबी जुबान जमकर विरोध कर रहा है।
बता दें कि मंगलवार दोपहर कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, जिला कांग्रेस प्रभारी दिलीप मिश्रा, सीधी विधानसभा प्रभारी विनोद शर्मा, जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित अन्य प्रभारी और पदाधिकारी की उपस्थिति में शुरू हुआ। करीब तीन घंटे तक कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आपस में कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का पाठ पढ़ाया गया। संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने की नसीहत दी गई।
इसके साथ ही आगे दिनों की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक समाप्त होने के बाद सभी पदाधिकारी जा रहे थे। उसी समय कमलेंद्र सिंह डब्बू बघऊ और विजय सिंह निवासी लकोड़ा दोनों सीधी विधानसभा प्रभारी विनोद शर्मा के पास पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए झूमा झटकी करने लगे। वहां मौजूद लोगों के समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
सीधी विधानसभा प्रभारी से गाली गलौज और झूमा झटकी बाद हर व्यक्ति वजह जानने की कोशिश में जुट गया। चर्चा है कि विनोद शर्मा ने कुछ दिनों पहले अपने फेसबुक पेज पर लिखा था कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सामंतवादी नहीं होना चाहिए। इसके बाद से पेज में ही क्रिया प्रतिक्रिया शुरू हो गई थी। इसके बाद से ही तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही थी। बाद में शर्मा ने पोस्ट का स्पष्टीकरण भी दिया था। हालांकि किसी को अंदेशा नहीं था कि इस तरह की घटना कांग्रेस बैठक के बाद निर्मित होगी।
करुणा सिंधु परौहा चितरंगी विधायक प्रभारी ने इस घटनाक्रम के बाद अपने फेसबुक पेज में लिखा कि
जिला कांग्रेस में अपमान की सारी गाइड लाइन सिर्फ हम लोगों के लिए है, आज जो हुआ इसका दर्द जीवन भर नहीं भूलूंगा, अउर अन्याय का हर मंच पर विरोध करेंगे यह प्रण ले रहा हूं, बदले में चाहे जो हो परिणाम होगा उसको स्वीकार करूंगा।
विनोद शर्मा विधानसभा प्रभारी ने कहा कि बैठक के बाद रीवा चलने की तैयारी हो रही थी। अजय सिंह राहुल की गाड़ी जा चुकी थी। उसी समय कमलेंद्र सिंह और विजय सिंह दोनों पास आकर गाली गलौज और झूमा झटकी करने लगे। जिसकी जानकारी संगठन को दिया गया है। उन्होंने ने स्पष्ट किया कि हम इस तरह की गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। हमेशा पार्टी हित को लेकर काम किया है और आगे भी करते रहेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी के नाम ऐतिहासिक रिकॉर्ड, देश में पहली बार एक साथ 12 फसलों को मिला GI टैग, स्वाद और कृषि क्षेत्र में बजा डंका
गुटबाजी से कांग्रेस में गहरी खाई बन गई है। जिसका असर भी साफ तौर पर देखने को मिलता है। खास बात तो यह है कि यह गुटबाजी की आपस में खूब चर्चा भी करते हैं। कभी कभार मंच पर दिखाई देता है। हालांकि खाई को पाटने के लिए तमाम कोशिश भी जारी है।
संगठन की गरिमा, अनुशासन एवं पार्टी हित सर्वोपरि हैं। अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों के विरुद्ध संगठन द्वारा नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।- ज्ञान सिंह जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सीधी