
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा लोकायुक्त रीवा टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सिरमौर वन परिक्षेत्र के कार्यवाहक वनपाल दिनेश कुमार को 78 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता नीरज यादव पिता रामकेवल यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम धनीपुर, जिला सीतापुर यूपी ट्रक क्रमांक यूपी 15 डीटी 0614 के चालक हैं। उन्होंने 10 जुलाई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में एसपी को शिकायत आवेदन दिया था।
आवेदक का आरोप है कि 7 जून 2026 को वह ट्रक में लकड़ी लोड कर मुरादाबाद जा रहा था। तभी वन चौकी त्योंथर, परिक्षेत्र सिरमौर में वन विभाग के कर्मचारियों ने उसका वाहन पकड़ लिया और आज तक नहीं छोड़ा।
वाहन छुड़वाने के लिए जब उसने कार्यवाहक वनपाल दिनेश कुमार से संपर्क किया तो आरोपी ने ट्रक छोड़ने और जुर्माना कम करवाने के एवज में 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।
शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त रीवा द्वारा सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर 25 जुलाई 2026 को एसपी योगेश्वर शर्मा के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।
तय सौदे के अनुसार आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 78 हजार रुपए मांगे। जैसे ही स्वर्णलोक ढाबा, रीवा-सेमरिया रोड, पूर्वा फॉल के पास आरोपी रिश्वत की राशि ले रहा था, लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
आरोपी *दिनेश कुमार पिता स्व. राजितराम, उम्र 41 वर्ष, निवासी वार्ड न. 6 ग्राम रेरूआ पूर्वा, पोस्ट सोनौरी, रीवा* के पास से 78 हजार रुपए जब्त किए गए।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन 2018 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया और उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में लोकायुक्त रीवा की टीम द्वारा की गई।