
रीवा नईदुनिया, प्रतिनिधि। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग संभाग रीवा के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस दौरान उनके अशासकीय सहयोगी धर्मवीर भारती को भी पकड़ा गया। यह ट्रैप कार्यवाही मंगलवार को सिविल लाइन स्थित अटल पार्क के सामने आरोपी के शासकीय आवास के पास की गई। कार्रवाई पूरी हो जाने के बाद दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता सोनू सिंह सतना जिले की टेस्टिंग लैब प्राइवेट लिमिटेड में मैनेजर हैं। उनकी फर्म पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जाने वाले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण करती है।
परेशान होकर सोनू सिंह ने गत 4 अगस्त 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान ही आरोपी ने अपने साथी धर्मवीर भारती के माध्यम से शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये ले लिए थे।
सबूत मिलने के बाद उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व वाली टीम ने शिकायतकर्ता से दूसरी किश्त के 50 हजार रुपये लेते समय दोनों को दबोच लिया। आरोपितों में कैलाश कुमार लच्छे पिता हरिचरण लच्छे, उम्र 59 वर्ष।
पद - प्रभारी मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, संभाग रीवा। मूल पद - कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी जिला रीवा।निवासी - रोज 351, न्यू मिनाल रेजिडेंसी, भोपाल एवं धर्मवीर भारती पिता स्व. टीपी भारती, उम्र 59 वर्ष निवासी - रामायणी सिटी, मेन बाईपास, विदिशा शामिल है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मौके से 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि जब्त कर ली गई है। लोकायुक्त टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।