रीवा के संजय गांधी अस्पताल में बड़ा कारनामा, कुत्ते के काटने के बाद लगाया सांप डसने वाला स्नेक वेनम इंजेक्शन
डॉक्टर साहिबा ने बात को इतनी गंभीरता से लिया कि पर्ची पर डॉग बाइट की जगह स्नेक बाइट यानी सांप के जहर का इंजेक्शन एंटी स्नेक वेनम लिख दिया
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 02:41:51 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 02:41:51 PM (IST)
रीवा में संजय गांधी अस्पताल की घोर लापरवाही (फोटो-एआई जनरेटेड)HighLights
- संजय गांधी अस्पताल में घोर लापरवाही आई सामने
- कुत्ते के काटने के बाद लगाया स्नेक वेनम इंजेक्शन
- इलाज की पर्ची देखकर मरीज के उड़ गए होश
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, जिंदा वृद्ध को मृत घोषित करने के बाद अब एक और ताजा मामले ने हैरान कर दिया, यहां मरीज को कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज की जगह सांप डसने पर लगाया जाने वाला एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगा दिया गया।
बताया गया कि रामपुर कोठी झिरिया निवासी आयुष सिंह (18) पिता अंशुमान सिंह को पांच सितंबर शनिवार की शाम कुत्ते ने काट लिया था। वह संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड पहुंचे।
बकायदा पर्ची कटवाई और ड्यूटी पर मौजूद महिला पीजी डॉक्टर को साफ-साफ बताया कि उसे कुत्ते ने काटा है, एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाना है।
पर्ची पर लिख दिया स्नेक बाइट
डॉक्टर साहिबा ने बात को इतनी गंभीरता से लिया कि पर्ची पर डॉग बाइट की जगह स्नेक बाइट यानी सांप के जहर का इंजेक्शन एंटी स्नेक वेनम लिख दिया और स्टाफ नर्स ने वही इंजेक्शन लगा भी दिया। मरीज को लगा कि उसे सही इलाज मिल गया और वह घर चला गया।
घर जाकर जब पर्ची देखी तो होश उड़ गए। पर्ची पर एंटी स्नेक वेनम लिखा था। घबराया हुआ मरीज दोबारा भागा-भागा अस्पताल पहुंचा। इस घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।