

नईदुनिया प्रतिनिधि सीधी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। कुसमी क्षेत्र के पौड़ी के पास स्थित चमरौही नदी में भी बारिश के बाद पानी का तेज बहाव देखने को मिला।
इसी दौरान ददरी से कुसमी होते हुए सीधी की ओर जा रही एक सफेद रंग की बस को चालक ने उफनती नदी के पुल से निकालने का प्रयास किया गया।
बताया जा रहा है कि सड़क की खराब स्थिति और नदी में तेज बहाव के कारण बस पुल पर ही फंस गई। बस के नदी के बीच फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने बस से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदी-नालों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वाहन चालकों से अपील की है कि उफनती नदी-नालों और पुलों पर पानी का बहाव होने के दौरान जोखिम लेकर आवागमन न करें, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के रादुवि में तिरंगा यात्रा से पहले हंगामा, कर्मचारी को घेरकर छात्रों ने पीटा; विवाद का यह कारण आया सामने