
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। अमहिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक के घर हुई दिलेरी की यह लाइव चोरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यहां रहने वाले शिक्षक अशोक मिश्रा के घर को एक बेखौफ चोर ने अपना निशाना बनाया। मामला अमहिया थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा के पास का है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर कितनी बेबाकी से घर के पास पहुंचता है। वो सबसे पहले चैनल गेट के बगल में लगे बिजली मीटर के पास गया और वहां से बिजली का केबल तार काट दिया।
इसके बाद वह सीधे घर के अंदर दाखिल हो जाता है। घर के अंदर जाकर चोर ने केबल निकाली और वहां से रफूचक्कर हो गया। पीड़ित शिक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि घर में काम करने वाली बाई सुबह आती है, इसी वजह से उन्होंने सुबह 7 बजे ही चैनल गेट का ताला खोल दिया था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सुबह के उजाले में कोई ऐसी हिमाकत कर सकता है।
फिलहाल इस घटना के बाद से पूरी कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर दिन के 8 बजे घरों में घुसकर चोरियां होने लगेंगी, तो आम जनता खुद को कहां सुरक्षित महसूस करेगी?
यह भी पढ़ें- जबलपुर में भारी पड़ी अतिशबाजी, पटाखों की चपेट में आए दो बच्चे; एक की आंख और दूसरे के सीने आई चोट