बिजली विभाग ने काटा नगर परिषद का कनेक्शन, बदले में नपा ने ऑफिस के गेट पर फिंकवाया कचरा
नगर परिषद द्वारा 9 लाख 61 हजार रुपये का बिजली बिल जमा न करने पर विद्युत विभाग ने नगर परिषद की बिजली सप्लाई काट दी। इसके बाद नाराज नगर परिषद ने बिजली व ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 10:46:38 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 10:46:38 PM (IST)
विद्युत कंपनी के कार्यालय के बाहर लगा कचरे का ढेर।HighLights
- सागर में प्रशासनिक तालमेल की उड़ी धज्जियां
- नोटिस के बाद कटी नगर परिषद की बिजली
- बदले में ऑफिस के गेट पर फिंकवाया कचरा
नवदुनिया प्रतिनिधि, शाहगढ़। शाहगढ़ में दो सरकारी विभागों के बीच विवाद का अनोखा मामला सामने आया है। नगर परिषद द्वारा 9 लाख 61 हजार रुपये का बिजली बिल जमा न करने पर विद्युत विभाग ने नगर परिषद की बिजली सप्लाई काट दी। इसके बाद नाराज नगर परिषद ने बिजली विभाग के कार्यालय के गेट पर कचरा फिंकवा दिया।
जानकारी के अनुसार, बिजली बिल बकाया होने के चलते विद्युत विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नगर परिषद की बिजली काट दी। इस कार्रवाई से नाराज नगर परिषद के अधिकारियों ने इसे व्यक्तिगत रूप से लेते हुए स्थानीय बिजली कंपनी के कार्यालय के बाहर कचरा डलवा दिया।
सीसीटीवी और वीडियो में कैद हुई नगर परिषद की कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नगर परिषद की गाड़ियां बिजली कंपनी के कार्यालय के बाहर खड़ी नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब सवा आठ बजे दो गाड़ियां और करीब 10 बजे एक अन्य गाड़ी वहां पहुंची और कचरा डालकर चली गई। सूत्रों के अनुसार, नगर परिषद के एक अधिकारी विनय मिश्रा पर इस कार्रवाई को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने इसे द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताया है।
लाखों का बकाया और अवैध कनेक्शन के आरोप
कंपनी के अनुसार नगर परिषद पर नौ लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। कंपनी ने कुछ दिन पहले बिल जमा करने को लेकर नगर परिषद में नोटिस भी भिजवाया, लेकिन नप ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बिजली कंपनी का कहना है कि नपा द्वारा अपने क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध कनेक्शन लेकर पानी की मोटर व पंप भी चलाए जा रहे हैं।