ट्रेन आने वाली थी, ट्रैक पर बंद हुआ मालवाहक ट्रक; सागर में QRF जवानों ने धक्का लगाकर टाली बड़ी रेल दुर्घटना
सागर में रेलवे ट्रैक पर मालवाहक ट्रक अचानक बंद हो गया। ट्रेन आने से पहले क्यूआरएफ जवानों ने ट्रक धकेलकर हटाया और संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टाल दी।
Publish Date: Mon, 10 Aug 2026 08:41:59 AM (IST)Updated Date: Mon, 10 Aug 2026 08:41:59 AM (IST)
सागर में QRF जवानों ने बचाई कई जिंदगियां। (नईदुनिया)HighLights
- रेलवे ट्रैक पर मालवाहक ट्रक अचानक बंद हो गया था।
- ट्रेन आने का समय था, जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला।
- क्यूआरएफ जवानों ने सामूहिक प्रयास से ट्रक हटाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के बीच बंद हो गया। इसी दौरान ट्रेन के आने का समय था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वहां से गुजर रहे 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (क्यूआरएफ), सागर की एसएएएफ कंपनी के जवानों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और ट्रक को धक्का देकर रेलवे ट्रैक से बाहर सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिया। जवानों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से संभावित रेल दुर्घटना टल गई।
ट्रक में लदा हुआ था माल
- जानकारी के अनुसार 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की क्यूआरएफ कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास एक मालवाहक ट्रक रेलवे ट्रैक के बीच अचानक बंद हो गया। ट्रक पूरी तरह माल से लदा था।
इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आने की स्थिति बन रही थी। ट्रक को ट्रैक पर खड़ा देखकर जवानों ने तत्काल स्थिति का आकलन किया। समय बेहद कम था। भारी ट्रक को हटाना काफी मुश्किल था। जवानों ने चालक की मदद करते हुए ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू किया। सभी ने एकजुट होकर ट्रक को धक्का लगाना शुरू कर दिया। सामूहिक प्रयास से मिली सफलता
- क्यूआरएफ जवानों के सामूहिक प्रयास से भारी-भरकम ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित दूरी पर पहुंचा दिया गया। जवानों की इस कार्रवाई से ट्रेन के आने से पहले रेलवे ट्रैक खाली हो गया। एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
इस दौरान क्यूआरएफ जवानों ने केवल कानून-व्यवस्था की ड्यूटी निभाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि संकट में फंसे नागरिक की मदद के लिए तत्काल आगे आए। ट्रक चालक ने जवानों का आभार व्यक्त किया। अचानक मिली मदद से वह भावुक भी हो गया। जवानों ने उसे ढांढस बंधाते हुए सुरक्षित रहने की बात कही।
समय पर लिया गया सही फैसला, एकजुट होकर किया गया प्रयास और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता। इन्हीं तीनों ने मिलकर एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। ट्रक के बीच रेलवे ट्रैक पर बंद होने के बाद दोनों ओर से वाहनों की भी कतार लग गई थी। हालांकि जाम जैसे हालात निर्मित नहीं हुए। यह भी पढ़ें- सड़क किनारे बैठी महिला को ट्रक ने कुचला, सागर में कोर्ट का बड़ा फैसला- बीमा कंपनी परिवार को देगी 51.42 लाख रुपये